सांस्कृतिक उत्सव में नाथूसरी कलां स्कूल का जलवा, छात्राओं ने जीता ओवरऑल विजेता का खिताब ll
सांस्कृतिक उत्सव में नाथूसरी कलां स्कूल का जलवा, छात्राओं ने जीता ओवरऑल विजेता का खिताब ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नाथूसरी कलां की छात्राओं ने अपनी शानदार प्रतिभा, मेहनत और उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रदर्शन के दम पर खंड स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव-2026 में विद्यालय का नाम रोशन करते हुए ओवरआॅल विजेता का खिताब अपने नाम किया। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। कक्षा 5 से 8 (जूनियर वर्ग) में विद्यालय की छात्राओं ने रागिनी, सोलो डांस तथा ग्रुप डांस में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार कक्षा 9 से 12 (सीनियर वर्ग) में छात्राओं ने रागिनी में प्रथम स्थान, जबकि सोलो डांस एवं हरियाणवी ग्रुप डांस में द्वितीय स्थान हासिल किया। छात्राओं की इन उपलब्धियों ने विद्यालय को ओवरआॅल विजेता बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्राचार्या सुनीता जाखड़ ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर सभी विजेता छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। छात्राओं ने अपनी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिभा के माध्यम से विद्यालय को गौरवान्वित किया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय छात्राओं की कड़ी मेहनत तथा शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को दिया। विद्यालय प्रवक्ता दलबीर सिंह एवं सरिता चोधरी ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने न केवल विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, बल्कि अपनी कला और संस्कृति के माध्यम से हरियाणवी संस्कृति की सुंदर झलक भी प्रस्तुत की। सांस्कृतिक इंचार्ज सुलक्षणा सिहाग तथा सह-इंचार्ज संदीप झोरड़ ने भी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर नाथूसरी कला की सरपंच रीटा जगतपाल कासनिया, एस.एम.सी के सदस्यों, अनेक सामाजिक संगठनों, प्रवक्ता सोहन सिंह, देवीलाल भाटिया, गीता बैनीवाल, अजय बैनीवाल, अंकिता, लीलाधर बैनीवाल, राकेश शर्मा सुमन,विशन लाल, संदीप जाखड, सतवीर सिंह एवं सुमन (आईटी) रामनिवास शास्त्री, पिंकी, मंजू बाजिया, रितु वर्मा, संदीप कुमार, दलबीर सिंह, अनूप फौजी, राकेश कुमार, नरेश कुमार सहित समस्त स्टाफ सदस्यों ने विजेता छात्राओं को शुभकामनाएं दी।@newstodayhry #newstodayhry




