Haryana
Trending

शाहबाद में गंदे पानी से बिगड़ा हाल: डायरिया से 6 साल के बच्चे की मौत, मजदूरों में दहशत II

शाहबाद में गंदे पानी से बिगड़ा हाल: डायरिया से 6 साल के बच्चे की मौत, मजदूरों में दहशत II

कुरुक्षेत्र-(संगीत गीत):- शाहबाद अनाज मंडी में डायरिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा। पिछले चार दिनों में अलग-अलग समय पर 8, 14, 17 और 19 नए मामले सामने आने के बाद कुल मरीजों की संख्या 58 पहुंच चुकी है। इसी बीच, मंडी में दिहाड़ी करने वाली महिला के छह वर्षीय बच्चे की उल्टी-दस्त के बाद मौत हो गई। बच्चे की मौत से मजदूर वर्ग में दहशत फैल गई है। 29 सितंबर से मंडी में डायरिया के मामले सामने आने लगे थे। स्वास्थ्य विभाग की जांच में मंडी की दुकानों पर लगी पानी की टंकियों और वाटर कुलर से गंदगी मिली। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पानी की सप्लाई बंद कर दी। बताया जा रहा है कि पुरानी और लीक हो चुकी पाइपलाइन से गंदा पानी लोगों तक पहुंच रहा है। जांच के लिए लिये गए सभी पानी के सैंपल फेल पाए गए हैं। वर्तमान में दो मरीजों को गंभीर हालत में उच्च संस्थान रेफर किया गया है। एलएनजेपी अस्पताल में दो और शाहबाद उप-नागरिक अस्पताल में सात मरीज भर्ती हैं। मार्केट कमेटी ने पिछले तीन दिन से ट्यूबवेल से पेयजल सप्लाई बंद कर रखी है। टैंकरों से पानी पहुंचाया जा रहा है, लेकिन मजदूरों को सीमित मात्रा में ही पानी मिल पा रहा है। बिहार से आए प्रवासी मजदूरों का कहना है कि डायरिया के कारण उनका सीजन चौपट हो गया है। मजदूरों ने बताया कि बीमारी के डर से कई साथी मंडी छोड़कर जा रहे हैं, और कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि “डायरिया फैलने और पेयजल के सैंपल फेल होने के लिए पूरी तरह प्रशासन जिम्मेदार है। सरकार को इस लापरवाही के लिए दोषियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए II #newwstodayhry @newstodayhry

Related Articles

Back to top button