यमुनानगर जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है।।
यमुनानगर जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है।।


यमुनानगर-(मनदीप कौर):- यमुनानगर जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक 16 वर्षीय युवती को पहले से रची गई साजिश के तहत एक युवक द्वारा उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद ले गया। इस पूरी साजिश में एक दंपति की भी भूमिका सामने आई है, जिन्होंने युवक की मदद करते हुए युवती को बहलाकर उसके हवाले कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि मुरादाबाद पहुंचने के बाद उसे एक कमरे में एक महीने तक बंद करके रखा गया, जहां आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध बार-बार दुष्कर्म किया। युवती ने यह भी खुलासा किया कि आरोपी उसे किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की फिराक में था। लेकिन एक दिन मौका मिलते ही वह किसी तरह वहां से भागने में सफल रही और यमुनानगर लौट आई। नाबालिग युवती के घर पहुंचते ही परिजनों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती का मेडिकल परीक्षण करवाया, जिसमें यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पीड़िता गर्भवती है। इस जानकारी के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार दबिश देने के बाद पुलिस को सफलता मिली और आरोपी को अंबाला रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और उन अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच को पूरी सतर्कता और निष्पक्षता से आगे बढ़ाया जा रहा है। जिन लोगों ने इस अपराध में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से सहयोग किया है, उन्हें भी जल्द ही कानून के कटघरे में लाया जाएगा। यह घटना एक बार फिर समाज में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गहन चिंतन की मांग करती है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो वे सामने आकर पुलिस की मदद करें, ताकि पीड़िता को न्याय दिलाया जा सके और दोषियों को सख्त सजा मिल सके।। #newstodayhry @newstodayhry



