तीज की कोठली देने गए थे राजू! लौटते समय मौत, अग्रोहा के पास हुआ खौफनाक हादसा II
तीज की कोठली देने गए थे राजू! लौटते समय मौत, अग्रोहा के पास हुआ खौफनाक हादसा II


हिसार-(निधि गर्ग ):- हरियाणा के हिसार जिले के अग्रोहा क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ जिसमें चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा अग्रोहा के नांगथला गांव के पास बस स्टैंड के पास हुआ जब एक क्रेटा कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई और ट्रक सड़क किनारे पलट गया।
क्रेटा कार और खाद से भरे ट्रक की भिड़ंत:-
जानकारी के अनुसार, क्रेटा कार बारवाला से अग्रोहा की ओर जा रही थी जबकि ट्रक में खाद लदी थी और वह अग्रोहा से बारवाला की ओर जा रहा था। जैसे ही दोनों वाहन नांगथला बस स्टैंड के पास पहुंचे, आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सभी चारों युवक मौके पर ही दम तोड़ बैठे।
मृतकों की पहचान और हादसे की पृष्ठभूमि:-
हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवक हिसार जिले के कीरोड़ी और राजली गांव के रहने वाले थे। मृतकों में राममेहर (कीरोड़ी), रवींद्र (कीरोड़ी), प्रवीण (कीरोड़ी) और राजू (राजली) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि राजू अपने गांव कीरोड़ी में तीज के अवसर पर अपनी बहन को कोठली देने गया था। उसके साथ तीन और दोस्त भी साथ गए थे। लौटते समय यह दुखद हादसा हो गया।
हादसे के बाद का माहौल:-
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकाला गया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। जैसे ही गांवों में यह खबर फैली, माहौल गमगीन हो गया। चार युवकों की एक साथ मौत ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवारों का रो-रो कर बुरा हाल है।
परिजनों का आक्रोश और प्रशासन से मांग:-
मृतकों के परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि इस हादसे की जांच कराई जाए और ट्रक चालक की लापरवाही साबित होने पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क सुरक्षा के उपायों को और सख्ती से लागू करने की भी मांग की गई है। यह हादसा एक बार फिर से यह सोचने पर मजबूर करता है कि रात में तेज रफ्तार और लापरवाही कितना बड़ा नुकसान कर सकती है।। #newstodayhry @newstodayhry



