मनदीप कौर ने शुक्रवार को चांदपुर साइफन और अन्य बाढ़ से प्रभावित होने वाले संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।।
मनदीप कौर ने शुक्रवार को चांदपुर साइफन और अन्य बाढ़ से प्रभावित होने वाले संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।।

फतेहाबाद-(राजेश भाम्भू):- संभावित बाढ़ क्षेत्रों में अनावश्यक गतिविधियों से बचें नागरिक स्थिति नियंत्रण में, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट। उपायुक्त मनदीप कौर ने किया जिले के बाढ़ संभावित क्षेत्रों का दौरा। उपायुक्त मनदीप कौर ने शुक्रवार को चांदपुर साइफन और अन्य बाढ़ से प्रभावित होने वाले संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों के साथ क्षेत्र की स्थिति की गहन समीक्षा की और सभी संबंधित विभागों को सतर्कता बनाए रखने, संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और राहत व बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मनदीप कौर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे बाढ़ प्रबंधन से जुड़ी सभी तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूरा करें और किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए निरंतर सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पूर्णत: नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर हर स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति का सामना बिना विलंब के किया जा सके। पिछली बार बाढ़ से प्रभावित रहे गांव का दौरा करते हुए उपायुक्त ने बीडीपीओ और पंचायत द्वारा गांव के चारों ओर बाढ़ से बचाव के लिए किए गए प्रबंधों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पिछली बार प्रभावित रहे गांवों में इस बार एहतियातन बांध निर्माण और मिट्टी के बैग भरने का कार्य भी किया जा रहा है। उपायुक्त ने बताया कि पिछली बाढ़ के दौरान कई वर्षों की तुलना में सर्वाधिक जलस्तर दर्ज किया गया था, जिसे प्रशासन ने समय रहते प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस बार भी प्रशासन पूरी तैयारी, सतर्कता और समन्वय के साथ स्थिति पर पूर्ण रूप से नियंत्रण बनाए रखेगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, तटबंधों के पास अनावश्यक रूप से न जाएं तथा किसी भी प्रकार की अनावश्यक गतिविधियों से बचें। चांदपुर और रंगाई जैसे क्षेत्र बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील हैं, जहां किसी भी समय जलप्रवाह तेज हो सकता है। ऐसी स्थिति में नागरिकों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन सतर्क है और किसी भी आपात सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के एसडीएम के साथ समन्वय बनाए रखें और नियमित रूप से स्थिति की जानकारी साझा करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कोई भी अधिकारी बिना पूर्व अनुमति के अपने कार्यस्थल (स्टेशन) को नहीं छोड़ेगा तथा अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करेगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि जनजीवन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े और हर नागरिक सुरक्षित रहे। उपायुक्त द्वारा किए गए निरीक्षण और जारी निर्देशों की अनुपालना करते हुए एसडीएम प्रतीक हुड्डा ने भी नड़ैल, म्योंद खुर्द व कला, रंगाई नाला, रत्थाथेह तथा तलवाड़ा सहित अन्य संभावित प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से क्षेत्रीय स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। एसडीएम ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपायुक्त द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए और फील्ड स्तर पर सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।। #newstodayhry @newstodayhry



