पलवल सुपर मार्केट में गंदगी का अंबार, दुकानदारों ने नगर परिषद के खिलाफ किया प्रदर्शन II
पलवल सुपर मार्केट में गंदगी का अंबार, दुकानदारों ने नगर परिषद के खिलाफ किया प्रदर्शन II

पलवल-(निकुंज गर्ग ):- पलवल जवाहर नगर कैंप स्थित सुपर मार्केट में पड़ी गंदगी से परेशान दुकानदारों का सोमवार को नगर परिषद पर गुस्सा फूट पड़ा। दुकानदारों ने मार्केट में दुकानें बंद कर दीं और नगर परिषद के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान परिषद व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर स्थानीय पार्षद अनिल गौसांई मौके पर पहुंचे और तुरंत प्रभाव से जेसीबी मशीन व ट्रैक्टर मंगाकर गंदगी को उठवाया। गंदगी उठने के बाद मामला शांत हुआ।आपको बतादें की सुपर मार्केट में गंदगी का ढेर लगे होने का यह कोई नया मामला नहीं है। कई सालों से यहां गंदगी का ढेर लगता है। कारण यह है कि नगर परिषद के सफाई कर्मियों द्वारा आस-पास की कॉलोनियों का कूड़ा यहां डाल दिया जाता है। नगर परिषद द्वारा कूड़ा उठाया जाता है, परंतु कुछ देर बाद ही फिर से गंदगी वहां डाल दी जाती है। इससे सुपर मार्केट के दुकानदारों को भारी परेशानी होती है। गंदगी से उठती दुर्गंध के कारण दुकानदारों का दुकानों पर बैठना मुश्किल हो जाता है वहीं, गंदगी के कारण ग्राहक भी दुकान पर नहीं आते। इस समस्या से परेशान होकर सोमवार को दुकानदारों ने प्रदर्शन किया। हैरत की बात यह है कि जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय का मुख्य द्वार भी यहीं पर है। प्रदर्शन में शामिल दुकानदार दुलीचंद, हरीश कुमार, मनोज कुमार, जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी जिले सिंह भड़ाना ने कहा कि कई सालों से यहां पर गंदगी डाली जा रही है। समस्या को लेकर नगर परिषद अधिकारियों से लेकर स्थानीय विधायक व खेल स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष उठाया गया है, परंतु उसके बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के अधिकारी सफाई के नाम पर लाखों रुपयों को डकार रहे हैं। करीब 90 लाख रुपये हर माह सफाई के लिए आता है, परंतु सफाई नहीं हो पाती। यदि समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया गया तो लघु सचिवालय पर धरना दिया जाएगा। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर स्थानीय पार्षद अनिल गौसांई मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाने का प्रयास किया। लोगों ने अपनी बात उनके समक्ष रखी। पार्षद ने तुरंत जेसीबी मशीन व ट्रैक्टर मंगवाकर गंदगी को उठवा दिया। पार्षद अनिल गौसांई ने बताया कि सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते समस्या आ रही है। हड़ताल के बाद कोई समस्या नहीं आएगी। साथ ही पार्षद ने नगर परिषद अधिकारियों पर सफाई के नाम पर आने वाले पैसा को गोलमाल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अगर महीने भर में जो 90 लाख रुपए का पलवल शहर की सफाई का बजट है वह सही तरीके से उपयोग में लाया जाए तो शहर के यह हालात नहीं होंगे लेकिन यह नगर परिषद अधिकारियों का नकारापन है।। #newstodayhry @newstodayhry



