भारी बारिश से हरियाणा बेहाल दो की गई जान,कई जिलों में जलभराव और अलर्ट जारी II
भारी बारिश से हरियाणा बेहाल दो की गई जान,कई जिलों में जलभराव और अलर्ट जारी II


हरियाणा में बीती रात से हो रही लगातार तेज बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। अब तक इस बारिश की वजह से दो लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें एक पांच साल का बच्चा भी शामिल है। यमुनानगर के कामी माजरा गांव में नाले से प्रिंस नाम के बच्चे का शव बरामद किया गया, जो कल रात से लापता था। वहीं गुरुग्राम में बुधवार को डूबे युवक खड़क सिंह की लाश आज चंदू बुढेड़ा गांव के पास नहर में मिली। एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी।
बारिश से बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था, गुरुग्राम और एनएच-40 में भारी जलभराव:-
गुरुग्राम में तेज बारिश से सुभाष चौक, एंबियंस मॉल और नरसिंहपुर के पास भारी जलभराव हो गया। एनएच-40 पर पानी भर जाने से सड़कें नदी में तब्दील हो गईं। नतीजन, ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया और एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सिविल अस्पताल गुरुग्राम के भीतर भी बारिश का पानी गिरने लगा, जिससे मरीजों और कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
10 जिलों में बारिश का अलर्ट, चार दिन तक राहत की उम्मीद नहीं:-
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार हरियाणा में अगले चार दिन तक बारिश जारी रहने की संभावना है। चंडीगढ़ स्थित मौसम केंद्र ने नूंह, गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, जींद और कैथल सहित 10 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस अलर्ट को देखते हुए प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है।
मगरमच्छ बना चिंता का विषय, कुरुक्षेत्र में तीसरे दिन भी नहीं पकड़ा गया:-
कुरुक्षेत्र में एक ड्रेन में देखा गया मगरमच्छ तीसरे दिन भी नहीं पकड़ा जा सका है। हालांकि बारिश के कारण ड्रेन में उसकी मूवमेंट जरूर देखी गई है। मगर अब तक उसे रेस्क्यू नहीं किया जा सका है। आज मौसम साफ रहा तो रेस्क्यू ऑपरेशन दोबारा शुरू किया जाएगा। मगरमच्छ की मौजूदगी से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपने बच्चों को बाहर नहीं जाने दे रहे।
हिसार, पानीपत और सोनीपत सहित कई जिलों में बारिश से हालात बदतर:-
हिसार, पानीपत, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, जींद, महेंद्रगढ़-नारनौल, फतेहाबाद और सिरसा में भारी बारिश से सड़कें तालाब में बदल गई हैं। वहीं अंबाला, यमुनानगर और रोहतक में भी रातभर तेज बारिश हुई। कुछ क्षेत्रों में जलभराव से स्कूलों में छुट्टियां कर दी गई हैं और प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है।। #newstodayhry @newstodayhry



