Haryana
Trending

लोहारू में शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर खंड स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित II

लोहारू में शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर खंड स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित II

लोहारू-(अभिषेक ठाकुर):- लोहारू में शिक्षक दिवस के अवसर को समर्पित करते हुए लोहारू खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय स्थित सेमिनार हॉल में गुरुवार को एक भव्य खंड स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाष भारद्वाज मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रभा ने की, जबकि मंच संचालन का दायित्व संजय सैनी ने बखूबी निभाया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात शिक्षा विभाग के अधिकारियों, अध्यापकगण और विभिन्न विद्यालयों से आए अध्यापकों-अध्यापिकाओं की उपस्थिति में कार्यक्रम आगे बढ़ा। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा क्षेत्र में अध्यापन के साथ-साथ सामाजिक व सार्वजनिक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अध्यापकों और अध्यापिकाओं को प्रशंसा पत्र एवं सम्मान प्रतीक भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों की आंखों में गर्व और आत्मविश्वास झलक रहा था।

मुख्यातिथि सुभाष भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि:-

शिक्षक समाज का वास्तविक मार्गदर्शक होता है। उन्होंने लोहारू खंड के शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि “लोहारू क्षेत्र के अध्यापकों की कार्यशैली पूरे जिले में अनुकरणीय है। यहां के अध्यापकों के संबंध में शिकायत की बजाय केवल प्रशंसा ही सुनने को मिलती है, जो कि गर्व की बात है।” उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार लोहारू खंड के अध्यापक न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी सक्रियता दिखा रहे हैं, वह पूरे जिले के लिए प्रेरणादायी है।

खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रभा ने अपने संबोधन में कहा कि:-

शिक्षक दिवस पर यह आयोजन केवल सम्मान का अवसर नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों को और गहराई से समझने का भी अवसर है। उन्होंने सभी अध्यापकों से आह्वान किया कि वे बच्चों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में निरंतर योगदान देते रहें। समारोह में उपस्थित अध्यापकों ने भी इस सम्मान को अपने लिए गर्व की बात बताते हुए शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में खंड शिक्षा कार्यालय से जुड़े अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं अध्यापक-अध्यापिकाएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समारोह के समापन पर सभी को धन्यवाद ज्ञापन के साथ शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

Related Articles

Back to top button