थाना यातायात पुलिस सिरसा ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का किया आयोजन II
थाना यातायात पुलिस सिरसा ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का किया आयोजन II


सिरसा-(अक्षित कम्बोज):- थाना यातायात सिरसा में आज दिनांक 27.09.2025 को सड़क सुरक्षा को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंधक यातायात निरीक्षक शमशेर सिंह ने की। कार्यक्रम में नैशनल कॉलेज, सिरसा के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को थाना यातायात का भ्रमण करवाया गया और उन्हें यातायात नियमों व सड़क पर सुरक्षित रूप से चलने के तरीके के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। प्रबंधक थाना यातायात निरीक्षक शमशेर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन की सुरक्षा, सड़क पर नियमों के पालन में निहित है। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय ट्रैफिक सिग्नल, सीट बेल्ट और हेलमेट का प्रयोग करना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी न केवल चालक बल्कि राहगीरों के जीवन के लिए भी खतरनाक सिद्ध हो सकती है इस कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से संतोष रानी ने विद्यार्थियों को प्रथम उपचार (First Aid) के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि सड़क हादसे की स्थिति में सही समय पर प्राथमिक उपचार कैसे दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति की जान बचा सकता है। विद्यार्थियों को हृदय गति रुकने, रक्तस्राव रोकने और बेहोशी की स्थिति में दी जाने वाली आवश्यक चिकित्सा की उपयोगी जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को आगामी अंतर विद्यालय सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 2025-26 के आयोजन के बारे में भी अवगत करवाया गया। अधिकारियों ने बच्चों को प्रेरित किया कि वे इस प्रतियोगिता की अच्छी तैयारी करें और सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में अपनी जानकारी को और अधिक मजबूत बनाएं। थाना यातायात द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागृति फैलाना है। ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि यदि युवा पीढ़ी सड़क सुरक्षा नियमों को समझकर उनका पालन करेगी, तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। कार्यक्रम के अंत में निरीक्षक शमशेर सिंह ने सभी विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।। #newstodayhry @newstodayhry



