सेवा पखवाड़ा: पौधारोपण व रक्तदान के संदेश के साथ छात्राओं को जागरूक कर गए भाजपा नेता II
सेवा पखवाड़ा: पौधारोपण व रक्तदान के संदेश के साथ छात्राओं को जागरूक कर गए भाजपा नेता II


सिरसा-(अक्षित कम्बोज):- युवा पीढ़ी को ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण कर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐसा कार्य है जो हमारे योगदान को आने वाली पीढिय़ों तक लाभ पहुंचाता है, इसलिए सभी को संकल्प लेना चाहिए कि पौधों को लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी काम करें न की पौधों को काटने की सोच रखें। भारतीय संस्कृति भी यही संस्कार देती आई है कि यहां नदियों और पौधों की भी पूजा होती है और उनका वैज्ञानिक महत्व है। यह बात भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने वन विभाग द्वारा राजकीय महिला महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को संबोधित करते हुए कही। सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे जिलाध्यक्ष भाजपा यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने छात्राओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक महिलाओं व युवतियों को रक्तदान से भी जोड़ें। विज्ञान ने तरक्की तो बहुत कर ली लेकिन रक्त का विकल्प नहीं बना पाया, रक्त की पूर्ति रक्त से हो सकती है, इसलिए रक्तदान भी महत्वपूर्ण है। वहीं कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश सचिव सुरेंद्र आर्य ने कहा कि सेवा पखवाड़ा कई रूप में मनाया जा रहा है, जिनमें पौधारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर जैसे कार्य किए जा रहे हैं। हमें यह सोच हर व्यक्ति तक पहुंचानी है कि पौधारोपण हर हाल में करना है। पौधारोपण केवल वायु प्रदूषण को ही नहीं रोकता बल्कि अनेक मामलों में पेड़ मानव के मित्र बनकर कार्य करता है, चाहें वह औषधि बनाने का विषय हो या फिर तापमान को कम करने में मददगार की बात हो। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे परिवार में जन्मदिन, वैवाहिक तिथि पर पौधारोपण जरूर करें। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश सचिव सुरेंद्र आर्य रहे। कार्यक्रम में जिला वन अधिकारी सतीश कुमार, वन राजिक अधिकारी हरिपाल सिंह, जिला महामंत्री अंबर मल्होत्रा, जिला उपाध्यक्ष विरेंद्र तिन्ना, मंडल अध्यक्ष सुमन शर्मा, जिला सचिव सुमन सैनी, महाविद्यालय प्रिंसिपल सज्जन कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर पौधारोपण के साथ ही छात्राओं को पौधे भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला वन अधिकारी सतीश कुमार ने कहा कि वन विभाग द्वारा पौधगिरी, जल शक्ति अभियान के तहत आमजन को पौधे तैयार कर उपलब्ध करवाए जाते हैं। कोई भी व्यक्ति सरकारी नर्सरी से पौधे प्राप्त कर पौधारोपण कर सकता है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे तो पर्यावरण उतना ही स्वच्छ रहेगा। इस अवसर पर वन दरोगा बलविंद्र सिंह, वन रक्षक गौरव सहित विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।। #newstodayhry @newstodayhry



