109 बोतल शराब, 84 बीयर और लाखों की नकदी के साथ आरोपी गिरफ्तार ll
109 बोतल शराब, 84 बीयर और लाखों की नकदी के साथ आरोपी गिरफ्तार ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना आदमपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 109 बोतल अवैध देशी शराब, 84 बोतल बीयर, ₹1,39,350 की नकदी तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन सहित गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में थाना आदमपुर में तैनात एएसआई रोहताश ने बताया कि वह अपनी पुलिस टीम के साथ कोहली- महलसरा रोड पर गश्त एवं अपराध रोकथाम के दौरान मौजूद थे। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक वाहन को रुकवाकर नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 109 बोतल अवैध देशी शराब, 84 बोतल बीयर तथा ₹1,39,350 की नकदी बरामद हुई। @newstodayhry #newstodayhry
पूछताछ में आरोपी की पहचान दीपक पुत्र राजबीर निवासी गांव सिंघवा खास, जिला हांसी के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर अवैध शराब, बरामद नकदी तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में ले लिया।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध थाना आदमपुर में हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि अवैध शराब के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क, नकदी के संबंध तथा इस कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में गहन पूछताछ की जा सके।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस जिले में अवैध शराब, नशा तस्करी एवं संगठित अपराध के विरुद्ध पूरी दृढ़ता के साथ कार्रवाई कर रही है। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध शराब का कारोबार समाज के लिए गंभीर खतरा है और ऐसे कारोबारियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
एसपी ने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण, भंडारण अथवा बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।@newstodayhry #newstodayhry




