अपराध रोकने में जनता का सहयोग सबसे बड़ी ताकत :-सिद्धान्त जैन , पुलिस अधीक्षक ll
अपराध रोकने में जनता का सहयोग सबसे बड़ी ताकत :-सिद्धान्त जैन , पुलिस अधीक्षक ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन ने आज अपने कार्यालय में जिले के कोचिंग सेंटर संचालकों, महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों, बैंक प्रबंधकों, सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्राचार्यों/संचालकों, व्यापार मंडल (आढ़ती) के प्रतिनिधियों, मेडिकल एसोसिएशन, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों, धर्मशाला एवं मैरिज पैलेस संचालकों तथा सरपंच एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि सुरक्षित समाज का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक एवं प्रत्येक संस्था पुलिस के साथ मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभाए। अपराधों की रोकथाम में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और सभी संस्थानों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। @newstodayhry #newstodayhry
बैठक के दौरान एसपी ने सभी उपस्थित प्रतिनिधियों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्देश दिए—
• अपने-अपने संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाकर उन्हें हर समय क्रियाशील रखें तथा रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखें।
• किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा गतिविधि की सूचना बिना देरी के तुरंत डायल-112 या संबंधित थाना पुलिस को दें।
• किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और न ही उसे सोशल मीडिया पर साझा करें। किसी भी संदिग्ध सूचना की पहले पुलिस से पुष्टि करें।
• बैंक प्रबंधक अपने ग्राहकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति लगातार जागरूक करें तथा संदिग्ध लेन-देन की सूचना तुरंत संबंधित एजेंसियों को दें।
• स्कूल, कॉलेज एवं कोचिंग सेंटर संचालक विद्यार्थियों को नशे, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों एवं कानून के प्रति नियमित रूप से जागरूक करें।
• होटल, रेस्टोरेंट, धर्मशाला एवं मैरिज पैलेस संचालक प्रत्येक ग्राहक एवं ठहरने वाले व्यक्ति का वैध पहचान पत्र लेकर रिकॉर्ड रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में तुरंत पुलिस को सूचित करें।
• व्यापार मंडल एवं मेडिकल एसोसिएशन से जुड़े प्रतिष्ठान नकदी एवं बहुमूल्य सामान की सुरक्षा के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाएं तथा कर्मचारियों का सत्यापन अवश्य कराएं।
• ग्राम पंचायत प्रतिनिधि अपने गांवों में बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना समय-समय पर पुलिस को उपलब्ध कराएं तथा युवाओं को नशे एवं अपराध से दूर रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
• सभी संस्थान महिला सुरक्षा एवं बाल संरक्षण से संबंधित कानूनों का पालन सुनिश्चित करें तथा किसी भी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी संस्था द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी या लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। पुलिस द्वारा समय-समय पर निरीक्षण एवं सत्यापन अभियान चलाए जाएंगे और नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। यदि प्रत्येक नागरिक सतर्क रहेगा और समय पर सूचना देगा तो अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने, अपने-अपने संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में हिसार पुलिस का पूर्ण सहयोग करने का विश्वास दिलाया।@newstodayhry #newstodayhry




