Haryana
Trending

सिरसा में छात्राओं के लिए लगा विशाल नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर ll

सिरसा में छात्राओं के लिए लगा विशाल नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-मिशन दृष्टि टीपीएफ नैशनल के अंतर्गत तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम, सिरसा के तत्वावधान में तथा डॉ. बलराम जलंधरा आई हॉस्पिटल, शिव चौक, सिरसा के सहयोग से सेठ सागरमल सुराणा जैन कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिरसा में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रात: 9:00 बजे हुआ, जिसमें विद्यालय की लगभग 400 छात्राओं की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आधुनिक उपकरणों से आंखों की विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान कर छात्राओं को आवश्यक परामर्श दिया गया। जिन छात्राओं को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, उन्हें नि:शुल्क चश्मे उपलब्ध कराने हेतु चयनित किया गया तथा आवश्यकता अनुसार आगे के उपचार की भी सलाह दी गई। इस अवसर पर सेठ सागरमल सुराणा चैरिटेबल ट्रस्ट व विद्यालय प्रबंधक समिति के अध्यक्ष मखनलाल गोयल, प्रबंधक हनुमानमल गुजरानी, ट्रस्टी देवेंद्र डागा, सदस्य कुसुमलता, सदस्य ज्ञानचंद तथा तेरापंथ युवक परिषद, सिरसा के अध्यक्ष दीपक पुगलिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने शिविर का अवलोकन किया तथा मिशन दृष्टि जैसी जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के उत्तम स्वास्थ्य एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए इस प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण शिविर अत्यंत उपयोगी हैं। विद्यालय की प्राचार्या रेनू बाला ने तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम, सिरसा एवं डॉ. बलराम जलंधरा आई हॉस्पिटल की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का शारीरिक स्वास्थ्य उनके शैक्षणिक विकास की मजबूत नींव है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समय रहते नेत्र संबंधी समस्याओं की पहचान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम, सिरसा के अध्यक्ष रविंद्र गोयल ने डॉ. बलराम जलंधरा आई हॉस्पिटल की चिकित्सक एवं नेत्र जांच टीम का स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) एवं पटका भेंट कर सम्मान किया तथा विद्यालय एवं छात्राओं के हित में दिए गए उनके अमूल्य सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कोषाध्यक्ष वैशाली जैन, एडवोकेट ओनिका ,गौरव मोहन गोयल, रचना जैन, दिनेश गुजरानी, पीयूष पुगलिया, विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी चिकित्सकों, आयोजकों एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के आयोजन की आशा व्यक्त की। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button