फर्जी एटीएम कार्ड बदलकर बैंक खातों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार।।
फर्जी एटीएम कार्ड बदलकर बैंक खातों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार।।

हिसार-(अमित कुमार ):- पुलिस अधीक्षक हिसार के निर्देशन में साइबर अपराध एवं धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए हिसार को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। सीआईए हिसार के सहायक उप निरीक्षक प्रहलाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एटीएम कार्ड बदलकर बैंक खातों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तालिब उर्फ भोला पुत्र बशीर खान निवासी जिला नूंह (मेवात), अफरोज पुत्र सलीम खान निवासी जिला नूंह (मेवात), पांडु उर्फ हडिया तथा असरत निवासी जिला नूंह (मेवात) के रूप में हुई है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को नियमानुसार अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई। यह मामला शिकायतकर्ता संजय कुमार पुत्र गुलाब सिंह निवासी गांव उमरा, जिला हिसार की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि अज्ञात व्यक्तियों ने एटीएम कार्ड बदलकर उसके बैंक खाते से धोखाधड़ी कर नकदी निकाल ली। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तथ्यों के आधार पर जांच कर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी एटीएम बूथों पर लोगों को सहायता का झांसा देकर उनके एटीएम कार्ड बदल लेते थे और बाद में खातों से अवैध रूप से नकदी निकालकर धोखाधड़ी करते थे। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों से कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं तथा यह भी जांच की जा रही है कि उन्होंने अन्य जिलों एवं राज्यों में भी इसी प्रकार की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस अधीक्षक हिसार ने आमजन से अपील की है कि एटीएम का उपयोग करते समय किसी अज्ञात व्यक्ति की सहायता न लें, अपना एटीएम कार्ड एवं पिन किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें। हिसार पुलिस साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।। #Newstodayhry @Newstodayhry




