PUNJAB
Trending

खेल के मैदान में जली जीत की मशाल, नशे के खिलाफ गूंजा संकल्प।।

खेल के मैदान में जली जीत की मशाल, नशे के खिलाफ गूंजा संकल्प।।

डबवाली-(पंकज गुदारा ):- आज महाग्राम गंगा का खेल मैदान उस समय जोश और जुनून से भर उठा, जब पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर ने मशाल प्रज्वलित कर खंड स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। मशाल की लौ के साथ मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह और जीत का जज्बा दिखाई दिया। यह सिर्फ खेलों का शुभारंभ नहीं था, बल्कि युवाओं को नशे और अपराध से दूर रखकर खेल, अनुशासन और सकारात्मक जीवन की ओर बढ़ाने का संकल्प भी था। जब एसपी जसलीन कौर ने मशाल प्रज्वलित की, महाग्राम गंगा का खेल मैदान ऊर्जा और उत्साह से गूंज उठा । जलती हुई मशाल ने केवल खेल प्रतियोगिताओं के शुभारंभ की घोषणा नहीं की, बल्कि युवाओं के भीतर छिपी प्रतिभा, संघर्ष और जीत के जज्बे को भी प्रज्वलित किया। यह लौ उम्मीद, प्रतिभा और नशे के अंधेरे के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक बनी। पांच दिवसीय खंड स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं के उद्घाटन अवसर पर एसपी जसलीन कौर द्वारा विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डबवाली ने विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। खेलों से जुड़ा युवा न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना जैसे गुण भी विकसित करता है।
पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने युवाओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं । उन्होंने कहा कि नशा सपनों और भविष्य को बर्बाद करता है, जबकि खेल, शिक्षा और मेहनत सफलता का रास्ता दिखाते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने व जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “नशा मुक्त–अपराध मुक्त डबवाली” का उद्देश्य पुलिस के साथ-साथ समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से कहा—“अपने माता-पिता की आंखों में सपने बनकर चमकिए, उनकी आंखों का आंसू मत बनिए। नशे को ना कहिए और खेल व मेहनत को अपनाइए, क्योंकि सही दिशा में आपका एक कदम आपका पूरा जीवन बदल सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों व उपस्थित ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि अगर उनके पास नशे के सेवन व तस्करी की सूचना हो तो तुरंत मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मो. न. 9138999748 या अपने नजदीकी थाना/चौकी में बेझिझक होकर दें । सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और नशे की गिरफ्त में फंसे लोगों को उपचार एवं सही मार्गदर्शन दिलाने के संबंध में जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि अगर उनके परिवार या आस पास कोई व्यक्ति नशे से पीड़ित है तो उसको छिपाने या उसका तिरस्कार करने के बजाय उसे नशे को त्यागने के लिए प्रेरित करें और उसे नशा मुक्ति टीम डबवाली व स्वास्थ्य विभाग की उपचार प्रणाली से जोड़े । इसके लिए नशा मुक्ति टीम द्वारा हर गांव, हर वार्ड व हर मकान तक पहुंचकर नशा पीड़ितों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है व उचित काउंसलिंग के बाद परामर्श व उपचार प्रक्रिया प्रारंभ कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है एसपी डबवाली ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचने के उपायों की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या निजी विवरण किसी के साथ साझा न करें। साइबर अपराध या ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाए। उन्होंने इस दौरान छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी अधिकारों तथा किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त करने के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस द्वारा बताया गया कि महिला सुरक्षा से संबंधित सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 1091, 181 व ट्रिप मॉनिटरिंग सर्विस के तहत डायल 112 पर संपर्क कर सहायता ली जा सकती है । इसी क्रम में उन्होंने बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी भी बच्चे के साथ होने वाले अपराध, शोषण या आपात स्थिति में सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क करें । सड़क सुरक्षा के संबंध में पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने व नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति को यातायात नियमों को ध्यान में रखना चाहिए । यातायात नियमों व सड़क सुरक्षा के उपायों से संभावित सड़क दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है । कार्यक्रम के दौरान एसपी जसलीन कौर ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया । उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है । बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। खंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमार के निर्देशन में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर ने कहा कि डबवाली पुलिस युवाओं को नशे और अपराध से दूर रखने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। “नशा मुक्त–अपराध मुक्त डबवाली” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए खेल, शिक्षा और जनभागीदारी को महत्वपूर्ण माध्यम बनाया जा रहा है। उन्होंने गांव के प्रतिष्ठित व्यक्तियों, अध्यापकों व अभिभावकों सहित ग्राम पंचायत से अपील करते हुए कहा कि युवाओं को ज्यादा से ज्यादा खेलों, शिक्षा व सकारात्मक गतिविधियों से जोड़े ताकि वे नशे जैसी सामाजिक बीमारी से दूर रहकर एक उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें । इस मौके पर मौजूद एसएचओ थाना सदर डबवाली नि. दिलीप कुमार, चौकी गोरीवाला प्रभारी एएसआई जगपाल सिंह व अन्य पुलिस कर्मचारी व अधिकारी, प्रधानाचार्य निर्मल सिंह व प्रधानाचार्य प्रेम कुमार, अध्यापक, बड़ी संख्या में खिलाड़ी व ग्रामीण मौजूद रहे । जिन्होंने पुलिस अधीक्षक के साथ नशा मुक्त व अपराध मुक्त समाज की शपथ ली व नशे के खिलाफ इस जन आंदोलन में बढ़ चढ़ कर भाग लेने का संकल्प लिया।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button