Haryana
Trending

सड़क पर मनमानी पड़ेगी भारी, डबवाली ट्रैफिक पुलिस ने कसा शिकंजा ll

सड़क पर मनमानी पड़ेगी भारी, डबवाली ट्रैफिक पुलिस ने कसा शिकंजा ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-सड़क सुरक्षा को लेकर डबवाली पुलिस ने अपना रुख और सख्त करते हुए यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान का मकसद महज चालान काटना नहीं, बल्कि सड़क हादसों को रोकना और हर राहगीर को सुरक्षित सफर उपलब्ध करवाना है।
यातायात प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस ने बीते सप्ताह अलग-अलग स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट के 65, बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के 358, ओवरस्पीड के 64, ड्रंकन ड्राइविंग के 09, लेन चेन्ज के 42, रॉन्ग साइड वाहन चलाने के 19 तथा ट्रिपल राइडिंग के 48 चालान किए गए। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गलत तरीके से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वाले 92 भारी वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखा बजाकर आमजन की शांति भंग करने वाले दो मोटरसाइकिल चालकों पर कार्रवाई की गई ।
ट्रैफिक पुलिस की यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश है कि सड़क पर नियमों की अनदेखी कर स्वयं और दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के साथ किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। चालान के साथ समझाइश भी, क्योंकि एक गलती जिंदगी पर भारी पड़ सकती है
डबवाली पुलिस ने कार्रवाई के साथ-साथ यातायात जागरूकता को भी अभियान का अहम हिस्सा बनाया। आमजन को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, नाबालिगों को वाहन न सौंपने तथा रॉन्ग साइड वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया। यातायात नियम किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि हर व्यक्ति को सुरक्षित उसके घर तक पहुंचाने के लिए बनाए गए हैं। वाहन चलाते समय थोड़ी-सी सावधानी न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जिंदगी भी सुरक्षित रखती है। डबवाली पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चेकिंग और कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें, यातायात नियमों का पालन करें और सड़क को अपनी ही नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की जिम्मेदारी समझें।
डबवाली पुलिस का संदेश — “सफर कितना भी जरूरी हो, जिंदगी उससे ज्यादा जरूरी है।” @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button