स्वतंत्रता दिवस को लेकर हिसार पुलिस अलर्ट, रेलवे स्टेशनों पर गहन चेकिंग ll
स्वतंत्रता दिवस को लेकर हिसार पुलिस अलर्ट, रेलवे स्टेशनों पर गहन चेकिंग ll

हिसार-(अमित कुमार):-15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर हिसार पुलिस द्वारा जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के निर्देशानुसार रेलवे स्टेशनों सहित अन्य महत्वपूर्ण एवं सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस द्वारा लगातार गहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में हिसार पुलिस की टीमों द्वारा रेलवे स्टेशनों पर आने-जाने वाले यात्रियों, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा आसपास के क्षेत्रों की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस कर्मचारियों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं लावारिस सामान की विशेष निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार उनकी तलाशी ली जा रही है।पुलिस टीमों द्वारा रेलवे स्टेशन परिसर में बैग, सामान एवं संदिग्ध वस्तुओं की जांच करने के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। रेलवे पुलिस एवं संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया गया है।
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव एवं सम्मान का पर्व है। इस अवसर पर जिले में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना हिसार पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा संदिग्ध वस्तु की सूचना मिलने पर पुलिस को तुरंत सूचित किया जाए।
उन्होंने आमजन से अपील की कि रेलवे स्टेशन या किसी अन्य सार्वजनिक स्थान पर कोई लावारिस बैग, पैकेट या संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो उसे छुएं नहीं और तुरंत पुलिस को सूचना दें। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना को साझा करने से बचें। हिसार पुलिस का संदेश—स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।@newstodayhry #newstodayhry



