Haryana
Trending

धौलपालिया स्कूल में शिक्षा को नई उड़ान, पुस्तकालय और विज्ञान प्रयोगशाला का हुआ उद्घाटन ll

धौलपालिया स्कूल में शिक्षा को नई उड़ान, पुस्तकालय और विज्ञान प्रयोगशाला का हुआ उद्घाटन ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-सीएम ईईई जीएसएसएस धौलपालिया में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में नवनिर्मित पुस्तकालय एवं विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन जिला परियोजना समन्वयक सिरसा कृष्ण कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी ऐलनाबाद राज कुमार, जेई विनोद कुमार तथा एपीसी बलबीर सिंह उपस्थित रहे। विद्यालय के स्टाफ को संबोधित करते हुए डीपीसी कृष्ण कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा राजकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय एवं विज्ञान प्रयोगशाला जैसी सुविधाएं विद्यार्थियों के ज्ञान, जिज्ञासा एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने शिक्षकों से इन संसाधनों का प्रभावी एवं रचनात्मक उपयोग विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास एवं कल्याण के लिए करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से विज्ञान संकाय के शिक्षकों से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन एवं तैयारी करवाने हेतु और अधिक मेहनत करने का आह्वान किया, ताकि विद्यालय के विद्यार्थी जेईई एवं नीट जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में अधिक सफलता प्राप्त कर सकें। उद्घाटन के उपरांत डीपीसी कृष्ण कुमार ने नवनिर्मित सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की उत्कृष्टता की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से कंप्यूटर फैकल्टी कुलवंत सिंह एवं जेई विनोद कुमार के अच्छे कार्य की प्रशंसा करते हुए निर्माण कार्य में लगी पूरी टीम के प्रयासों को सराहा। खंड शिक्षा अधिकारी राज कुमार ने कहा कि शिक्षण एक महान एवं पुनीत व्यवसाय है। उन्होंने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मनोवैज्ञानिक एवं भावनात्मक आवश्यकताओं को समझते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करना भी है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का मंच संचालन संदीप कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर एसएमसी प्रधान राजेंद्र कुमार, वीरेंद्र कुमार, इंदरपाल, अतुल कुमार, देवेंद्र अग्रवाल, सुभाष चंद्र, विजय कुमार, बंसी लाल, कविता शर्मा, राजबाला, पतराम, शालू, सुनील कुमार, श्रीमती किरणजीत सहित विद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। नवनिर्मित पुस्तकालय एवं विज्ञान प्रयोगशाला से विद्यार्थियों को पठन-पाठन, प्रयोगात्मक अधिगम एवं वैज्ञानिक गतिविधियों के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। विद्यालय परिवार ने इन सुविधाओं का अधिकतम उपयोग विद्यार्थियों के हित में करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, स्टाफ सदस्यों तथा निर्माण कार्य से जुड़े सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये नई सुविधाएं विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।@newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button