पहले बाइक को मारी टक्कर, फिर धारदार हथियारों से हमला! हिसार पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल ll
पहले बाइक को मारी टक्कर, फिर धारदार हथियारों से हमला! हिसार पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल ll

हिसार-(अमित कुमार):- हिसार पुलिस द्वारा गंभीर मारपीट, जानलेवा हमला एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अर्बन एस्टेट पुलिस ने युवक पर धारदार हथियारों से हमला करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। थाना अर्बन एस्टेट में विकास पुत्र प्रहलाद निवासी शिव कॉलोनी, गली नंबर-3, हिसार, हाल शमशान भूमि के पास कैंट हिसार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 28 जुलाई 2026 को वह अपने साथी अमित के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर कैंट की ओर जा रहा था। सातरोड़ खुर्द गांव से बाहर निकलते ही एक सफेद रंग की अल्टो कार ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। कार में सवार आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की तथा धारदार हथियारों से हमला किया। शिकायतकर्ता के अनुसार वह जान बचाकर नगर निगम सातरोड़ खुर्द के परिसर में पहुंचा, लेकिन आरोपी वहां भी उसके पीछे पहुंच गए। आरोपियों ने उसे घेरकर गंडासी, छुरी, सुआ तथा डंडों से हमला किया, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर पुलिस एवं लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए कार सहित फरार हो गए।पुलिस ने मौके से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की अल्टो कार, दो नंबर प्लेट, सुआ, जूते, कार से बरामद बाल एवं खून के धब्बों सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य कब्जे में लिए। सीन ऑफ क्राइम टीम द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए।मामले में घायल विकास की मेडिकल रिपोर्ट में कुल 16 चोटें दर्ज की गईं। बयान एवं मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना अर्बन एस्टेट में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई।मामले की जांच के दौरान थाना अर्बन एस्टेट के उप निरीक्षक यशपाल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेन्द्र उर्फ जीतू पुत्र भूषण लाल निवासी नजदीक मिलन पैलेस, मंगल विहार, कैमरी, हिसार को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। कानून हाथ में लेने तथा किसी व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। @newstodayhry #newstodayhry




