Haryana
Trending

सिरसा में स्वास्थ्य जागरूकता की अनोखी पहल, विद्यार्थियों ने पोस्टरों से दिया जागरूकता का संदेश ll

सिरसा में स्वास्थ्य जागरूकता की अनोखी पहल, विद्यार्थियों ने पोस्टरों से दिया जागरूकता का संदेश ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-जिला शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता एवं रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन 20 अगस्त 2026 को आर.के. सीनियर सैकेंडरी स्कूल, सिरसा में किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 8वीं, 9वीं एवं 11वीं में अध्ययनरत राजकीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा, सुभाष कुमार फुटेला ने शिरकत की। इस अवसर पर निर्णायक मंडल के सदस्य उप सिविल सर्जन डॉ. प्रतीक गोयल तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मम्मड़ खेड़ा के प्रधानाचार्य नीरज पाहूजा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार ने प्रतियोगिता के आयोजन एवं संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में पाठ्यक्रम के साथ-साथ ऐसी रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियों का विशेष महत्व है। पोस्टर मेकिंग जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, कलात्मक अभिव्यक्ति और सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशीलता को मजबूत करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता के संदेशों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करना समाज के लिए भी प्रेरणादायक है। जिला विज्ञान विशेषज्ञ एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में राजकीय एवं निजी विद्यालयों के कुल 107 विद्यार्थियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य जागरूकता, एचआईवी/एड्स से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली सहित विभिन्न विषयों को पोस्टरों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल द्वारा पोस्टरों की विषयवस्तु, रचनात्मकता, कलात्मक प्रस्तुति तथा स्वास्थ्य जागरूकता के संदेश को ध्यान में रखते हुए मूल्यांकन किया गया और प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान का चयन किया गया। इस अवसर पर उप सिविल सर्जन डॉ. प्रतीक गोयल ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को एचआईवी/एड्स के संबंध में विस्तारपूर्वक जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए एड्स के संक्रमण के फैलने के तरीकों तथा बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने एचआईवी/एड्स से संबंधित भ्रांतियों को दूर करते हुए सुरक्षित व्यवहार, सही जानकारी एवं जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्होंने उन्हें स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ समाज में भी एचआईवी/एड्स के संबंध में सही एवं वैज्ञानिक जानकारी का प्रसार करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में काफी उत्साह देखने को मिला। पोस्टरों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने सही जानकारी अपनाने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का प्रभावी प्रयास किया।
ये रहा प्रतियोगिता का परिणाम:
प्रथम स्थान सुखप्रीत कौर, कक्षा 11वीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, वैदवाला, द्वितीय स्थान नव्या कुमारी, कक्षा 9वीं, द जीनियस स्कूल, रानियां, तृतीय स्थान गुरमनप्रीत कौर, कक्षा 9वीं, दशमेश सीनियर सैकेंडरी स्कूल, चोरमार खेड़ा, प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 3,000, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 2,000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 1,000 की पुरस्कार राशि उनके बैंक खातों में स्थानांतरित की जाएगी। @newstodayhry #Newstodayhry

Related Articles

Back to top button