Haryana
Trending

भाजपा प्रभारी जुयाल ने बूथ पर सुनी ‘मन की बात’, संगठन  ll

भाजपा प्रभारी जुयाल ने बूथ पर सुनी ‘मन की बात’, संगठन ll

सिरसा – ( अक्षित कम्बोज ) भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रभारी एवं हरियाणा स्टेट कोऑपरेटिव अपेक्स बैंक लिमिटेड के चेयरमैन भारत भूषण जुयाल ने अपने सिरसा प्रवास के दूसरे दिन रविवार को जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर तक पहुंचकर संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी। उन्होंने माधोसिंघाना स्थित बूथ नंबर 40 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड का कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के साथ सामूहिक श्रवण किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतीन्द्र सिंह सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों और देशहित से जुड़े संदेशों को सभी ने एक साथ सुना। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जुयाल ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माध्यम से देश के करोड़ों नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम बन चुका है। इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे सामान्य नागरिकों की उपलब्धियों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सामने लाया जाता है, जो प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज के लिए कुछ बेहतर करने की प्रेरणा देता है। भारत भूषण जुयाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम हमें यह संदेश देता है कि देश का विकास केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी से संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री के विचारों को केवल सुनने तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें जन-जन तक पहुंचाने और समाजहित के कार्यों से जोड़ने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका कार्यकर्ता और बूथ स्तर तक फैला मजबूत संगठन है। जब बूथ मजबूत होगा, तभी संगठन मजबूत होगा और जब संगठन मजबूत होगा, तब पार्टी हर चुनौती का मजबूती से सामना कर सकेगी। इसके बाद जुयाल ने सिरसा, रानियां और ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्रों के एक-एक बूथ पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकें कीं। उन्होंने सिरसा विधानसभा के वार्ड नं. 25 स्थित बूथ, सिरसा के ही ग्रामीण बूथ अलीमोहम्मद, रानियां विधानसभा के झोरड़नाली तथा ऐलनाबाद विधानसभा के माधोसिंघाना बूथ पर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। बैठकों में बूथ की वर्तमान स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, पन्ना प्रमुखों की भूमिका तथा अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। जुयाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन को मजबूत करने का वास्तविक काम चुनाव के समय नहीं, बल्कि लगातार बूथ स्तर पर होता है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी मानकर काम करना चाहिए। उन्होंने बूथ समितियों को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। भारत भूषण जुयाल ने कहा कि “भाजपा का संगठन किसी एक व्यक्ति या किसी एक पदाधिकारी से नहीं, बल्कि बूथ पर खड़े अंतिम कार्यकर्ता की मेहनत से मजबूत होता है। हमारा लक्ष्य केवल चुनाव के समय सक्रिय होना नहीं, बल्कि पूरे वर्ष जनता के बीच रहकर संगठन को मजबूत करना है। हर बूथ पर कार्यकर्ताओं की टीम सक्रिय हो, प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के लोगों से निरंतर संपर्क में रहे और जनता की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए प्रयास करे-यही मजबूत संगठन की पहचान है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं। “हमें संगठन को कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर मजबूत करना है। बूथ का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी का चेहरा है और उसकी सक्रियता ही भाजपा की असली शक्ति है।” जुयाल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि “हमारा मंत्र स्पष्ट है—बूथ मजबूत, संगठन मजबूत और भाजपा मजबूत। हमें हर बूथ पर ऐसा जीवंत संगठन खड़ा करना है, जहां कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर समय जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा दिखाई दे।” बैठकों के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिला प्रभारी भारत भूषण जुयाल को संगठनात्मक गतिविधियों और बूथ स्तर पर पार्टी को और मजबूत करने को लेकर अपने सुझाव भी दिए। जुयाल ने कार्यकर्ताओं के सुझावों को गंभीरता से सुना और उन्हें संगठन की आगामी गतिविधियों में शामिल करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतीन्द्र सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी, बूथ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। जुयाल ने सभी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और जनता का विश्वास ही संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button