Haryana
Trending

डबवाली में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा प्लान, गांव-वार्ड स्तर पर बनेंगी कमेटियां ll

डबवाली में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा प्लान, गांव-वार्ड स्तर पर बनेंगी कमेटियां ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-नशे के खिलाफ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस की अध्यक्षता में पुलिस–पब्लिक समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशा तस्करी की रोकथाम, अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध, कानून व्यवस्था तथा गांवों एवं वार्डों में गठित नशा मुक्ति कमेटियों की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने कहा कि “नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की लड़ाई नहीं है। इसे जड़ से खत्म करने के लिए प्रत्येक गांव और वार्ड के जागरूक नागरिकों को आगे आकर अपनी भूमिका निभानी होगी। इसी उद्देश्य से नशा मुक्ति कमेटियों का गठन किया जा रहा है, जो अपने क्षेत्र में, नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना देने, नशे से प्रभावित लोगों की पहचान करने, उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने और उनके परिवारों से संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी ।”
उन्होंने बताया कि नशा मुक्ति कमेटियों का उद्देश्य किसी व्यक्ति को बदनाम करना या उसके खिलाफ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को मुख्यधारा में वापस लाने में सहयोग करना है। कमेटियां अपने क्षेत्र में युवाओं को खेल, शिक्षा और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने, नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाने तथा नशा तस्करी से संबंधित संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में सहयोग करेंगी।
उन्होंने बताया कि नशा मुक्ति टीम डबवाली द्वारा लगातार डोर-टू-डोर अभियान चलाकर नशा पीड़ितों से संवाद किया जा रहा है। जरूरतमंद लोगों को अनुभवी चिकित्सकों से परामर्श एवं उपचार उपलब्ध करवाने के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से समय-समय पर स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। नशा मुक्ति कमेटियां इन प्रयासों को गांव और वार्ड स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करेंगी।
बैठक में अवैध शराब, चोरी, लूट, साइबर अपराध सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम पर भी चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समय पर मिलने वाली सूचना कई अपराधों को होने से पहले रोक सकती है। इसलिए आमजन और पुलिस के बीच विश्वास एवं संवाद को और मजबूत करना जरूरी है।बैठक में उपस्थित समिति सदस्यों ने नशा मुक्ति कमेटियों को सक्रिय बनाने, युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने तथा नशा तस्करी एवं अन्य अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करने का विश्वास दिलाया।
पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने कहा कि “डबवाली को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाने का संकल्प तभी पूरा होगा, जब पुलिस के साथ समाज का हर वर्ग जिम्मेदारी के साथ खड़ा होगा। जन सहयोग हमारी सबसे बड़ी ताकत है और इसी साझेदारी के माध्यम से हम एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और स्वस्थ समाज का निर्माण करेंगे।”
आमजन से अपील है कि अगर उनके आस पास कोई व्यक्ति नशे के सेवन, खरीद फरोख्त व अन्य नशे से संबंधित अवैध गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है तो इसकी सूचना तुरंत मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मो. न. 9138999748 या अपने नजदीकी थाना/चौकी में दें । सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी ।@newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button