डबवाली में सड़क सुरक्षा की बड़ी परीक्षा, 40,660 छात्रों ने लिया हिस्सा ll
डबवाली में सड़क सुरक्षा की बड़ी परीक्षा, 40,660 छात्रों ने लिया हिस्सा ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-सड़क सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने और उनमें यातायात नियमों के पालन की आदत विकसित करने के उद्देश्य से डबवाली पुलिस द्वारा आयोजित सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 2026-27 के प्रथम चरण में आज 40,660 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में 216 सरकारी व 88 गैर-सरकारी स्कूलों तथा 09 कॉलेज व आईटीआई के विद्यार्थियों ने यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रश्नों के उत्तर दिए।
पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनन्द कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के कुशल नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, यातायात संकेतों, हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा, सुरक्षित ड्राइविंग तथा सड़क पर बरती जाने वाली सावधानियों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल नियमों की जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक सड़क उपयोगकर्ता बनाना है।
यह प्रतियोगिता पांच चरणों में आयोजित की जाएगी । प्रथम चरण स्कूल स्तर पर होने के बाद चयनित विद्यार्थी खंड, जिला, रेंज और प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगे की प्रतियोगिता के लिए चयनित किया जाएगा तथा प्रदेश स्तर के उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सरकार की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
इस दौरान यातायात प्रभारी डबवाली निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह द्वारा स्वयं शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर परीक्षा का जायजा लिया व विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया । उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश घर-घर और परिवार तक पहुंचाया जा सकता है। बच्चे स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ अपने माता-पिता व अन्य परिजनों को भी हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और यातायात संकेतों के पालन के लिए प्रेरित कर सकते हैं।
डबवाली पुलिस का संदेश है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। थोड़ी सी सावधानी और यातायात नियमों का पालन कई अनमोल जिंदगियों को सुरक्षित रख सकता है। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर आईपीएस के निर्देशानुसार डबवाली पुलिस सड़क सुरक्षा और नागरिक जागरूकता के लिए ऐसे प्रयास निरंतर जारी रखेगी।




