रानियां विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर के संशोधित कार्यक्रम ll
रानियां विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर के संशोधित कार्यक्रम ll

सिरसा – ( अक्षित कम्बोज ) रानियां विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र (44) में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के संशोधित कार्यक्रम को लेकर सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं तहसीलदार रानियां शुभम शर्मा की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत संशोधित समय-सारणी के अनुसार किए जाने वाले विभिन्न कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। तहसीलदार शुभम शर्मा ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए अर्हता तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने की अवधि 30 सितंबर 2026 तक रहेगी। दावों एवं आपत्तियों के नोटिस तथा उनके निपटारे की प्रक्रिया 28 अक्टूबर तक चलेगी। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 नवंबर को किया जाएगा। सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें। उन्होंने बीएलए-2 एवं बीएलओ के बीच समय-समय पर बैठकें आयोजित करवाने का भी अनुरोध किया, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समयावधि में त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जा सके। उन्होंने बताया कि मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित जानकारी प्राप्त करने तथा समस्याओं के समाधान के लिए ईआरओ-44 रानियां विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र कार्यालय का हेल्प डेस्क नंबर 01666-297467 जारी किया गया है। हेल्प डेस्क की सेवाएं प्रात: 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल बूथ स्तर पर आमजन को विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें तथा लोगों की भ्रांतियों को दूर करने में सहयोग दें। बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एसआईआर प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग देने का विश्वास दिलाया।
विवाह योग्य युवक-युवती के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा ‘तेरे मेरे सपने प्री मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर’ की शुरुआत की गई है। इस पहल का उद्देश्य विवाह से पहले युवा वर्ग के बीच सार्थक संवाद, आपसी समझ और बेहतर संबंधों को बढ़ावा देना है। महिला एवं बाल विकास विभाग की उप निदेशक डा. दर्शना सिंह ने बताया कि हरियाणा राज्य महिला आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देश अनुसार, विवाह की योजना बना रहे युवा प्री मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर की वेबसाइट https://ncwpmcc.icsr.in/webroot/home के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद योग्य विशेषज्ञों द्वारा संचालित संरचित ऑनलाइन प्री मैरिटल कम्युनिकेशन एवं परामर्श सत्रों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह मंच युवा वर्ग को सुरक्षित एवं गोपनीय वातावरण उपलब्ध करवाएगा, जहां वे वैवाहिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर खुलकर चर्चा कर सकेंगे। साथ ही, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त कर उन्हें भावी वैवाहिक संबंधों की मजबूत नींव रखने में सहायता मिलेगी। उन्होंने युवा वर्ग से राष्ट्रीय महिला आयोग के पोर्टल पर पंजीकरण करवाने तथा ऑनलाइन प्री मैरिटल कम्युनिकेशन सत्रों में भाग लेने का आह्वान किया। @newstodayhry #newstodayhry




