Haryana
Trending

नशे के खिलाफ हिसार पुलिस का जन-जागरूकता अभियान जारी ll

नशे के खिलाफ हिसार पुलिस का जन-जागरूकता अभियान जारी ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, IPS के सफल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशानुसार हिसार पुलिस की नशा मुक्ति पुलिस टीम द्वारा जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज थाना शहर हिसार क्षेत्र की अंबेडकर कॉलोनी एवं विकास नगर में नशे के खिलाफ विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान नशा मुक्ति पुलिस टीम ने कॉलोनीवासियों, नशा पीड़ितों तथा उनके परिवारजनों से संपर्क कर नशा छोड़ने, नियमित रूप से दवाई लेने और उपचार करवाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही क्षेत्र में नशा तस्करी से संबंधित जानकारी भी लोगों से ली गई।

नशे के दुष्प्रभावों के बारे में किया जागरूक – टीम द्वारा लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने समझाया कि नशे की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करती, बल्कि पूरे परिवार एवं समाज पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है।अभियान के दौरान आमजन से अपील की गई कि वे नशा मुक्ति अभियान में पुलिस का सहयोग करें तथा अपने आसपास किसी भी व्यक्ति को नशे की गिरफ्त में आने से बचाने के लिए उसे उपचार एवं काउंसलिंग के लिए प्रेरित करें।

19 नशा पीड़ितों को उपलब्ध करवाई गई दवाई एवं उपचार – नशा मुक्ति अभियान के दौरान 03 नए नशा पीड़ितों की पहचान की गई। वहीं, नशा मुक्ति पुलिस टीम द्वारा 12 नशा पीड़ितों को उनके घर जाकर आयुर्वेदिक दवाई उपलब्ध करवाई गई।इसके अतिरिक्त 02 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल हिसार में पहली बार दवाई दिलवाई गई, जबकि 05 नशा पीड़ितों को दूसरी बार आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक दवाई दिलवाई गई। इन पीड़ितों के आवश्यक ब्लड टेस्ट करवाने के साथ-साथ काउंसलिंग भी करवाई गई।इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 19 नशा पीड़ितों को नशा मुक्ति पुलिस टीम हिसार द्वारा घर जाकर अथवा नागरिक अस्पताल हिसार के माध्यम से आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक दवाई एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध करवाया गया।

“नशे से दूर रहना ही सुरक्षित और स्वस्थ जीवन की पहली सीढ़ी” — एसपी सिद्धान्त जैन

पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को समाज की मुख्यधारा में वापस लाना और उन्हें बेहतर जीवन जीने के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशा मुक्ति अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए पुलिस के साथ मिलकर सहयोग करें। अभिभावक अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान रखें और यदि कोई युवक नशे की ओर बढ़ रहा है तो उसे डांटने या उसका बहिष्कार करने के बजाय उपचार, काउंसलिंग और सही मार्गदर्शन उपलब्ध करवाएं।एसपी ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ हिसार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही नशा छोड़ने के इच्छुक पीड़ितों को उपचार एवं पुनर्वास की दिशा में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

हिसार पुलिस की अपील:
“नशे को ना कहें, स्वस्थ जीवन को हां कहें — नशा मुक्त हिसार के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।”@newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button