सावधान ! बैंक लोन, लॉटरी और इनाम का झांसा देकर साइबर ठग लगा रहे चूना :- एसपी दीपक सहारन ll
सावधान ! बैंक लोन, लॉटरी और इनाम का झांसा देकर साइबर ठग लगा रहे चूना :- एसपी दीपक सहारन ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-साइबर ठग अब लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कभी बैंक लोन मंजूर होने का झांसा, कभी लॉटरी निकलने की खुशखबरी तो कभी कार-मोटरसाइकिल सहित महंगा इनाम जीतने का लालच देकर लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ किया जा रहा है। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए एसपी दीपक सहारन ने आमजन को सतर्क रहने की अपील की है।
पहले सुनाते हैं खुशखबरी, फिर फीस के नाम पर मांगते हैं पैसे – एसपी ने बताया कि साइबर ठग फोन कर कहते हैं कि आपका बैंक लोन पास हो गया है या लॉटरी में बड़ा इनाम निकला है। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, टैक्स, सिक्योरिटी या अन्य शुल्क के नाम पर पैसे जमा करवाने को कहते हैं। कई बार कार या बाइक जीतने का लालच देकर एडवांस रकम मांगी जाती है। लालच में आकर अनजान खाते में एक रुपया भी जमा न करवाएं।
खाता ब्लॉक होने का डर दिखाकर निकालते हैं बैंक की जानकारी – ठगों का एक और तरीका है लोगों को डराना। फोन या मैसेज कर कहते हैं कि आपका बैंक खाता 24 घंटे में ब्लॉक हो जाएगा। इसके बाद एटीएम, डेबिट कार्ड, ओटीपी, पासवर्ड या बैंक खाते की जानकारी मांगी जाती है। एसपी ने कहा कि ऐसी कॉल आने पर घबराने की जरूरत नहीं है। बैंक संबंधी जानकारी के लिए केवल बैंक के आधिकारिक कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क करें। व्हाट्सएप पर आए लिंक को खोलने से पहले सौ बार सोचें । ई-मेल, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया पर आने वाले अनजान व संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। किसी भी मैसेज को सही माने बिना उसकी सत्यता जांच लें। अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी ऑनलाइन साझा न करें।
ठगी हो गई तो देर नहीं, तुरंत 1930 मिलाएं – एसपी दीपक सहारन ने कहा कि साइबर अपराध में समय सबसे महत्वपूर्ण होता है। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो वह तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करे, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। संबंधित थाना के हेल्प डेस्क पर भी शिकायत दी जा सकती है।
पुलिस की अपील:बैंक लोन, लॉटरी या इनाम के लालच में पैसे जमा न करवाएं।
ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम/डेबिट कार्ड संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें।
अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
बैंक खाता ब्लॉक होने की कॉल आने पर आधिकारिक बैंक नंबर से सत्यापन करें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें।@newstodayhry #newstodayhry




