नशे से दूर रहें, सोशल मीडिया का समझदारी से करें इस्तेमाल :-एसपी सिद्धान्त जैन ll
नशे से दूर रहें, सोशल मीडिया का समझदारी से करें इस्तेमाल :- एसपी सिद्धान्त जैन ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशानुसार हिसार पुलिस द्वारा युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना आदमपुर पुलिस द्वारा गांव मोहब्बतपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्रार्थना सभा के दौरान स्कूली विद्यार्थियों को नशे एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण इस्तेमाल के बारे में जागरूक किया गया।पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य को बर्बाद कर देता है। विद्यार्थी नशे से हमेशा दूर रहें और अपने खाली समय का सदुपयोग पढ़ाई, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में करें। पुलिस ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों के साथ-साथ नशे की वजह से परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी।इस दौरान विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के संबंध में भी जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय किसी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें, अपनी निजी जानकारी, फोटो, मोबाइल नंबर, पासवर्ड अथवा ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया पर आने वाले संदिग्ध लिंक, फर्जी ऑफर एवं लालच भरे संदेशों से सावधान रहें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत परिजनों तथा पुलिस को इसकी सूचना दें।पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को समझाया कि सोशल मीडिया ज्ञान एवं जानकारी का बेहतर माध्यम है, लेकिन इसका गलत अथवा अत्यधिक इस्तेमाल मानसिक तनाव, समय की बर्बादी और साइबर अपराध का कारण बन सकता है। इसलिए विद्यार्थी सोशल मीडिया का सीमित, सकारात्मक और जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से उपयोग करें।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि बच्चे और युवा देश का भविष्य हैं। उन्हें नशे और साइबर अपराधों से बचाना पुलिस के साथ-साथ अभिभावकों, शिक्षकों और समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। हिसार पुलिस द्वारा स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थी नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर आगे बढ़ें।हिसार पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करें। साथ ही सोशल मीडिया का प्रयोग करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस अथवा अपने अभिभावकों को दें।@newstodayhry #newstodayhry




