
सिरसा – (अक्षित कम्बोज ) गांव बणी में प्लॉट के विवाद को लेकर सोमवार को करीब आधा दर्जन गांवों बणी, नथौर, करीवाला, सेनपाल, बचेर, मम्मड़, केहरवाला, बाहिया गांवों के सैकड़ों ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। एएसपी अर्शदीप सिंह ने पीड़ित पक्ष की बातों को ध्यान सुना और पूरा रिकॉर्ड भी चैक किया। इसके बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए गांव बणी निवासी हरपाल सिंह ने बताया कि 2025 में उन्होेंने उक्त प्लॉट (एक कनाल 10 मरले, 8 सरसाई) मोहनलाल पुत्र भगवान दास निवासी पीलीबंगा से खरीद किया था, जिसकी बकायदा रजिस्ट्री भी करवाई गई। 2025 से वह उक्त प्लॉट पर काबिज है। दिसंबर 2025 में सिरसा निवासी अंजनी गोयल ने उक्त प्लॉट पर कब्जा करने की नियत से प्लॉट के चारों ओर की गई चारदिवारी को गिरा दिया। इस संबंध में उन्होंने रानियां थाने में शिकायत दी। अगस्त 2026 में अंजनी गोयल ने रानियां थाने में एसएचओ के समक्ष ये स्वीकार किया था कि दीवार को उसने ही गिराया था। 14 मई 2026 को अंजनी गोयल ने रानियां थाने में एक शिकायत देकर मेरे खिलाफ रात्रि करीब 9.48 बजे एफआईआर दर्ज करवाई, जोकि बिना किसी जांच व तथ्यों के आधार पर की गई। उसी रात्रि 11 बजे उनके पास रानियां थाने से एफआईआर के संबंध में फोन आया। 15 मई को उन्होंने इस मामले की जांच के लिए सिरसा एसपी को शिकायत दी, जिसकी जांच ऐलनाबाद डीएसपी सुभाष बिश्नोई को सौंपी गई। हालांकि डीएसपी सुभाष बिश्नोई गांव में मौका देखने भी गए, सबकुछ मेरे समर्थन में पाने के बाद डीएसपी ने कहा कि आप अपनी जगह सही हो, लेकिन एसपी साहब नहीं मान रहे। मामले के जांच अधिकारी मुकेश कुमार ने गांव में सरपंच, पटवारी व गांव के मौजिज लोगों से पूछताछ की। सोहन पुत्र अर्जुन सिंह का भी ब्यान दर्ज किया। मोहनलाल के परिजनों के भी बयान दर्ज किए। महावीर पुत्र गुलजारी पुत्र भगवानदास के भी बयान दर्ज किए गए और दस्तावेजों में मेरा रिकॉर्ड दुरुस्त पाया गया। 3 अगस्त 2026 को पुलिस की ओर से दोनों पक्षों को नोटिस देकर ऐलनाबाद एसडीएम के समक्ष बुलाया गया। 12 अगस्त 2026 को अंजनी गोयल व उसकी पत्नी निर्मला गोयल, भाई की पत्नी कविता, 4 बाऊंसर, मनीष पत्रकार, महेश शर्मा सहित एक अन्य महिला व 6 पत्रकार जोकि गाड़ियों एचआर-24एल-9999, एचआर-24एए-4427 में सवार होकर आए और प्लॉट में दीवार फांदकर घुस गए। जब उन्होंने इनका विरोध किया तो पुलिस ने बिना किसी जांच के मेरे खिलाफ ही दूसरी एफआईआर दर्ज कर दी। इसके बाद 6 अक्तूबर 2026 को मैं आईजी हिसार रेंज के पास इस मामले में की जा रही एकतरफा कार्रवाई के विरोध में शिकायत लेकर गया था। आईजी हिसार रेंज ने एसपी सिरसा से इस मामले में अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की। एसपी ने आईजी को रिपोर्ट दी या नहीं, इस बारे में हमें कुछ नहीं बताया गया। अंजनी गोयल को सोमवार 19 अक्तूबर को पुलिस की ओर से नोटिस देकर बुलाया गया था, लेकिन वह पेश नहीं हुआ और वह बिना किसी तारीख के ऐलनाबाद कोर्ट में देखा गया। पूर्व सरपंच ओमप्रकाश व हरपाल सिंह ने पुलिस प्रशासन को चेताते हुए कहा कि एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना लगाने पर मजबूर होंगे। इस दौरान मेरे परिवार या मेरे साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसके लिए अंजनी गोयल व पुलिस प्रशासन जिम्मेवार होंगे।




