सियाराम चैरिटेबल ट्रस्ट की रामलीला का मंचन आज से ll
सियाराम चैरिटेबल ट्रस्ट की रामलीला का मंचन आज से ll

सिरसा – (अक्षित कम्बोज ) सियाराम चैरिटेबल ट्रस्ट सिरसा की ओर से हर साल की तरह इस बार भी रामलीला का मंचन किया जाएगा जिसका शुभारंभ आज शनिवार रात को किया जाएगा। शुभारंभ के मौके पर पूर्व विधायक गोपाल कांडा व श्री तारा बाबा कुटिया के मुख्य सेवक गोविंद कांडा मुख्यातिथि होंगे जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर परिषद के अध्यक्ष वीर शांति स्परूप शामिल होंगे। यह बात ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने आज पत्रकारों से रूबरू होते हुए कही। ट्रस्ट के प्रधान राजेंद्र सिंह व संरक्षक अजय ऐलावादी ने संयुक्त रूप से बताया कि ट्रस्ट की ओर से पिछले चार साल से रामलीला का मंचन किया जा रहा है। इस बार भी रामलीला का भव्य मंचन होगा जिसमें सभी कलाकार स्थानीय होंगे। खास बात यह रहेगी कि इस बार रामलीला में जो महिला पात्र हैं, उनके किरदार महिलाओं द्वारा ही मंचित किए जाएंगे। रामलीला रोजाना रात सवा नौ बजे से आरंभ होकर रात 12 बजे तक चलेगी। रामलीला के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दशहरा के दिन रावण, कुंभकरण व मेघनाद के पुतलों का दहन रानिया रोड पर श्री बाबा तारा कुटिया के सामने मैदान में सवा सात बजे होगा। इस बार रावण का पुतला 75 फीट ऊंचा होगा जबकि कुंभकरण का पुतला 70 तथा मेघनाथ का पुतला 60 फीट का बनाया जाएगा। उन्होंने सभी शहरवासियों से आह्वान किया है कि वे रामलीला देखने के लिए परिवार सहित पहुंचे। अजय ऐलावादी ने बताया कि इस बार भी ट्रस्ट की ओर से सामाजिक कार्यों के तहत सिलाई सेंटर खोलने का विचार किया जा रहा है। इस अवसर पर महासचिव कुलवंत, कोषाध्यक्ष रोहताश वर्मा, उपप्रधान रोहित सेठी, प्रेस महासचिव राहुल शर्मा, डायरेक्टर कमल लढा, प्रदीप मेहता, तरसेम, गुरविंद्र सिंह आदि सदस्य मौजूद थे।



