दीपावली की आतिशबाजी बनी आफत, फ्लैट में लगी भीषण आग
दीपावली की आतिशबाजी बनी आफत, फ्लैट में लगी भीषण आग
फरीदाबाद :- (शिवम् शर्मा ) सेक्टर-2 में दीपावली की रात एक फ्लैट में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने की घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आतिशबाजी के दौरान जलाए गए रॉकेट के कारण फ्लैट में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बताया जा रहा है कि जिस समय फ्लैट में आग लगी, उस समय परिवार के सभी सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। परिवार के लोग पूजा करने के लिए अपने रिश्तेदारों के घर गए हुए थे। फ्लैट पर ताला लगा हुआ था और अंदर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। ऐसे में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, फ्लैट में आग लगने की सूचना मिलने के बाद मकान मालिक भी मौके पर पहुंचे। गनीमत रही कि घटना के समय फ्लैट के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दीपावली के मौके पर आतिशबाजी के कारण हुई इस घटना ने एक बार फिर पटाखों और रॉकेट से होने वाले हादसों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल आग से फ्लैट में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।





