बाइक चोरी की वारदात सुलझी, पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
बाइक चोरी की वारदात सुलझी, पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
सिरसा :-(अक्षित कम्बोज )जिले में चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एबीवीटी स्टाफ सिरसा ने बाइक चोरी की एक वारदात को सुलझाते हुए आरोपी को चोरीशुदा बाइक सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुमीत उर्फ राकेश पुत्र रामजीलाल निवासी गांव भुकरका, जिला हनुमानगढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। आरोपी को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए शहर थाना सिरसा पुलिस के हवाले कर दिया गया है। एबीवीटी स्टाफ प्रभारी ने बताया कि गांव नानकपूर निवासी मनजीत कुमार पुत्र कश्मीर चंद ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 22 मार्च 2024 को सुबह करीब 10 बजे उसने अपनी बाइक दुकान के सामने खड़ी की थी और खुद दुकान के अंदर चला गया। शाम को जब वह घर जाने के लिए बाहर आया तो बाइक गायब मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं लगा। शिकायत के आधार पर शहर थाना सिरसा में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।इसी मामले की जांच के दौरान एबीवीटी स्टाफ की टीम गश्त व चेकिंग के दौरान टीम बांदर वाली पुलिया सिरसा के पास मौजूद थी तो सामने से बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी देखकर युवक ने बाइक मोड़कर मौके से निकलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान युवक बाइक के जरूरी दस्तावेज और अपना ड्राइविंग लाइसेंस पेश नहीं कर सका। जांच में बाइक चोरी की निकली। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह चोरी की अन्य वारदातों में भी शामिल रहा है या नहीं।





