रामनगर में नर्मदेश्वर शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा, 23 जुलाई को भव्य स्थापना II
रामनगर में नर्मदेश्वर शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा, 23 जुलाई को भव्य स्थापना II


कालांवाली-(पवन शर्मा):- गांव ओढां से घुकांवाली रोड पर रामनगर क्षैत्र में नव निर्मित शिव मंदिर में 23 जुलाई को शिवरात्रि के पर्व पर नर्मदेश्वर शिवलिंग की स्थापना की जाएगी। आज सुबह से शास्त्री दिनेश कश्यप, महेंद्र अंगिरस और सतबीर अत्री द्वारा पूरे विधि विधान से शिवलिंग और नंदी मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा शुरु की गई है। 22 जुलाई मंगलवार को पूरे नगर में भ्रमण कर कलश यात्रा निकाली जाएगी। शिवरात्रि के दिन 23 जुलाई को शिव देवालय में सुबह 10:15 बजे हवन यज्ञ करने के उपरांत भगवान शिव के शिवलिंग और नंदी जी की मूर्ति स्थापित की जाएगी और कांवड़ियों द्वारा हरिद्वार से लाया गया गंगा जल अर्पित किया जाएगा। राम नगर विलासपूर कालोनी वासियों ने बताया कि उनके घरों के आस पास कोई मंदिर नहीं था उन्हें किसी भी पर्व त्यौहार पर पूजा करने ओढ़ां के मंदिरों में जाना पड़ता था। बिलासपुर कालोनी के कुछ युवाओं ने एक कमेटी बनाकर स्वयं व गांववासियों के सहयोग से 30 गुना 30 फीट व 50 फीट ऊंचे शिव देवालय का निर्माण कराया। कमेटी के सदस्यों मदन शर्मा, विक्रम ठाकुर आदि ने बताया कि शिव मंदिर में स्थापित करने के लिए नर्मदा मध्यप्रदेश से शिवलिंग मंगवाया गया है इसलिए इसे नर्मदेश्वर शिवलिंग भी कहा जाएगा। अब प्राण प्रतिष्ठा पूर्ण होने पर शिवरात्रि के शुभ अवसर पर शिवलिंग और नंदी जी स्थापना की जाएगी। इसके उपरांत पूरा दिन लंगर भंडारा वरताया जाएगा।। #newstodayhry @newstodayhry



