Haryana
Trending

तीन संस्थानों का ग्राउंड लेवल पर लिया जायजा II

तीन संस्थानों का ग्राउंड लेवल पर लिया जायजा II

तीन संस्थानों का ग्राउंड लेवल पर लिया जायजा:-

करनाल-(सुभाष गुप्ता):- विधानसभा की विषय समिति ने कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज, सिविल अस्पताल और आईटीआई का किया निरीक्षण स्टाफ, मशीनें, लैब और व्यवस्थाओं को लेकर अफसरों से की बातचीत, जल्द रिपोर्ट जाएगी सरकार को करनाल शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी विधानसभा की विषय समिति ने शुक्रवार को करनाल के तीन प्रमुख संस्थानों कल्पना चावला गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, सिविल अस्पताल और आईटीआई का ग्राउंड लेवल पर निरीक्षण किया। दौरे से पहले लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक हुई, जिसमें इन संस्थानों की प्रगति, समस्याएं और भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसके बाद समिति ने अलग-अलग जगह जाकर व्यवस्थाओं को मौके पर देखा और संबंधित अधिकारियों से सीधी बातचीत की।

अस्पताल की लैब, वार्ड, ओटी और रिकॉर्ड का गहराई से निरीक्षण:-

समिति अध्यक्ष विधायक राम कुमार कश्यप के नेतृत्व में पहुंचे सदस्यों में विधायक रेनू बाला, इंदुराज सिंह नरवाल, रणधीर पनिहार, डॉ. कृष्ण कुमार, देवेंद्र चतुर्भुज अत्री और हरिंदर सिंह शामिल रहे। इन सभी ने कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज और सिविल अस्पताल में बने विभिन्न वार्ड, लैब, ऑपरेशन थिएटर, महिला वार्ड और रजिस्ट्रेशन काउंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल का रिकॉर्ड भी चेक किया और डॉक्टर्स से सीधी बातचीत करते हुए सेवाओं की स्थिति जानी।

पशुशाला निर्माण का किया निरीक्षण, मेडिकल स्टडी में होगा उपयोग:-

समिति अध्यक्ष राम कुमार कश्यप ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में एक विशेष पशुशाला बनाई जा रही है, जहां कुछ पशु रखे जाएंगे। इनका उपयोग मेडिकल कोर्स के अध्ययन में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह जानकारी पहली बार सामने आई है और इसका निरीक्षण भी किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल में कैंसर के सैंपल लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जिससे मरीजों को सुविधा मिल रही है।

अल्ट्रासाउंड और सिटी स्कैन की दिक्कतों पर दिया जवाब:-

अल्ट्रासाउंड और सिटी स्कैन मशीनों से जुड़ी समस्याओं पर राम कुमार कश्यप ने कहा कि समिति खुद इस दिशा में जांच करेगी और जहां भी कमी मिलेगी, उसे दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर संस्थान में कुछ न कुछ कमियां होती हैं, पूर्णता केवल ईश्वर के पास होती है। जो भी जरूरी सुधार होंगे, वे रिपोर्ट में शामिल किए जाएंगे और सरकार के सामने रखे जाएंगे।

आईटीआई का दौरा, छात्राओं और स्टाफ से हुई बातचीत:-

अस्पतालों के बाद समिति ने करनाल के आईटीआई का दौरा किया, जहां उन्होंने संस्थान की कार्यप्रणाली, मशीनों, क्लासरूम और स्टाफ की उपस्थिति का जायजा लिया। साथ ही छात्राओं और फैकल्टी मेंबर्स से भी बातचीत की गई। यहां मिली समस्याओं और अच्छी व्यवस्थाओं दोनों को समिति ने गंभीरता से दर्ज किया।

कुछ कमियां स्टाफ और आर्थिक स्तर पर – विधायक:-

दौरे के बाद विधायक कश्यप ने कहा कि निरीक्षण के दौरान कुछ खामियां स्टाफ की कमी और आर्थिक पक्षों की वजह से भी मिली हैं। हालांकि कई व्यवस्थाएं पॉजिटिव भी रही हैं। सभी बिंदुओं को रिपोर्ट में शामिल कर सरकार और संबंधित विभागों को भेजा जाएगा ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर किया जा सके। सरकार को भेजी जाएगी विस्तृत रिपोर्ट समिति की ओर से पूरे निरीक्षण की रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी। रिपोर्ट में अस्पतालों और आईटीआई की व्यवस्थाओं, जरूरतों, खामियों और सुझावों का जिक्र होगा। समिति का उद्देश्य स्पष्ट है—जनता को बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाएं मिलें, इसके लिए संस्थानों की व्यवस्थाओं में जरूरी सुधार जल्द हों।। #newstodayhry @newstodayhry

Related Articles

Back to top button