महेंद्रगढ़ में लापता बुजुर्ग का शव झाड़ियों में मिला, मानसिक बीमारी से थे पीड़ित II
महेंद्रगढ़ में लापता बुजुर्ग का शव झाड़ियों में मिला, मानसिक बीमारी से थे पीड़ित II


महेंद्रगढ़-(राधेश्याम दिल्लीवान):- महेंद्रगढ़ में पिछले तीन दिन से लापता बुजुर्ग का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान 75 वर्षीय लक्ष्मीनारायण निवासी ग्यारह हट्टा बाजार महेंद्रगढ़ के रूप में हुई है। मृतक के बेटे रामकिशन ने बताया कि उनके पिता 19 अगस्त को शाम करीब चार बजे घर से निकले थे और तभी से लापता हो गए थे। लक्ष्मीनारायण पिछले दो साल से मानसिक बीमारी से पीड़ित थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की शिकायत उसी दिन पुलिस में दर्ज करवाई थी। रामकिशन ने बताया कि परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि लक्ष्मीनारायण आखिरी बार 19 अगस्त को शाम 4 बजकर 53 मिनट पर कर्मचारी कॉलोनी के पास दिखाई दिए। इसके बाद उनकी कोई फुटेज नहीं मिली। इसके बाद परिजनों को सूचना मिली कि मॉडल स्कूल के पास कर्मचारी कॉलोनी के पीछे झाड़ियों में एक शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान अपने पिता लक्ष्मीनारायण के रूप में की। शव काफी खराब हालत में था और आशंका जताई जा रही है कि वह झाड़ियों में कई दिनों से पड़ा हुआ था। शव के कुछ हिस्सों को जानवरों ने भी नोचा हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।। #newstodayhry @newstodayhry



