अनिल विज का सख्त रुख: आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में एएसआई निलंबित II
अनिल विज का सख्त रुख: आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में एएसआई निलंबित II


कैथल-( बलजिन्द्र कुमार):- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आरकेएसडी कॉलेज में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में पीड़िता के बयान दर्ज करने में देरी करने पर एएसआई को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। इसी मामले में एडीसी की अगुवाई में एक कमेटी गठित कर जांच के आदेश जारी किए। साथ ही धोखाधड़ी के एक केस को करनाल स्थानांतरित कर वहां की जांच उपरांत रद्द किए जाने के मामले की जांच पंचकुला पुलिस कमिश्नर से करवाए जाने के आदेश जारी किए हैं। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही न बरती जाए, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में कुल 17 मामले रखे गए। जिसमें दस पुरानी व सात नई शिकायतें रहीं। मंत्री को एक दंपत्ति द्वारा शिकायत दी गई कि उसकी पुत्री को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही। मंत्री ने सुनवाई के दौरान पूछताछ की, जिसमें पीड़िता के अस्पताल से ब्यान दर्ज करने में देरी मिलने पर मंत्री अनिल विज ने मामले के जांच अधिकारी पूंडरी थाना में कार्यरत एएसआई को सस्पेंड करने के आदेश दिए। साथ ही इस मामले में एडीसी की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर गहनता से जांच कर 10 दिन के अंदर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस कमेटी में डीएसपी व एक गैर सरकारी सदस्य शक्ति सौदा को शामिल गया है II #newstodayhry @newstodayhry



