कपड़े सिलाई करने वाला युवक 1630 नशीले गोलियां सहित काबू ।।
कपड़े सिलाई करने वाला युवक 1630 नशीले गोलियां सहित काबू ।।

सिरसा -(अक्षित कम्बोज):– पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अब नशे में प्रयुक्त होने वाली प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध बिक्री करने वालों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिला पुलिस की ओर से मेडिकल नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आज ड्रग्स इंस्पेक्टर केशव वशिष्ठ एवं थाना रोड़ी पुलिस की संयुक्त टीम गांव सुरतिया क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इस दौरान पुलिस पार्टी को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि गांव सुरतिया निवासी एक युवक कपड़े सिलाई का काम करने के साथ-साथ नशे में प्रयुक्त होने वाली प्रतिबंधित दवाइयों की सप्लाई करने का अवैध धंधा भी करता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गांव सुरतिया स्थित आरोपी जग्गा सिंह पुत्र मेजर सिंह के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1630 नशीली प्रतिबंधित गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया।थाना रोड़ी प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि आगामी कानूनी कार्रवाई हेतु आरोपी को बरामद नशीली गोलियों सहित ड्रग्स इंस्पेक्टर केशव वशिष्ठ के हवाले कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस नशे के खिलाफ पूरी गंभीरता से अभियान चला रही है और यदि किसी मेडिकल संचालक अथवा अन्य व्यक्ति की नशे के कारोबार में संलिप्तता पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।। #newstodayhry @newstodayhry
