रास्ता रोककर मारपीट व वाहन क्षतिग्रस्त करने के मामले में सदर पुलिस की बड़ी कार्रवाई।।
रास्ता रोककर मारपीट व वाहन क्षतिग्रस्त करने के मामले में सदर पुलिस की बड़ी कार्रवाई।।

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के निर्देशन में जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा सड़क पर गुंडागर्दी, मारपीट एवं आमजन में भय का माहौल पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध हिसार पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना सदर पुलिस ने रास्ता रोककर मारपीट करने एवं कार को क्षतिग्रस्त करने के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
इस बारे में प्रभारी थाना नि. विरेन्द्र सिंह गिल ने बताया कि इस मामले में पूर्व में हवा सिंह पुत्र गिरधारी लाल तथा सागर पुत्र बलवान, दोनों निवासी गांव ढंढर, को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया था। जांच को आगे बढ़ाते हुए उप नि. दया राम ने मामले में संलिप्त दो अन्य आरोपियों जीवन उर्फ काला पुत्र निशान सिंह तथा राहुल पुत्र राजकुमार, दोनों निवासी गांव ढंढर, को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। थाना सदर प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र गिल ने बताया कि 29 जून 2026 को जशनदीप पुत्र मनदीप सिंह निवासी चौथा मील, हिसार की शिकायत पर थाना सदर में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि 28 जून 2026 को वह अपने साथियों के साथ कार में अग्रोहा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से मोटरसाइकिल पर आए कुछ युवकों की उनकी कार से टक्कर हो गई। विरोध करने पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और शिकायतकर्ता व उसके साथियों के साथ मारपीट करते हुए उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।मामले की जांच उप निरीक्षक दया राम द्वारा की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य तथ्यों के आधार पर पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर डंडा बरामद किया गया। आगे की जांच में दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें भी गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि सड़क पर गुंडागर्दी, रास्ता रोककर मारपीट, तोड़फोड़ तथा कानून अपने हाथ में लेने वालों के प्रति हिसार पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जिले में शांति, कानून व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा बनाए रखना हिसार पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।। #Newstodayhry @Newstodayhry




