Haryana
Trending

महिलाओं व बेटियों की सुरक्षा हिसार पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता, जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच : एसपी सिद्धान्त जैन।।

महिलाओं व बेटियों की सुरक्षा हिसार पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता, जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच : एसपी सिद्धान्त जैन।।

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के निर्देशन में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और जागरूकता को लेकर हिसार पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना अर्बन एस्टेट से महिला उप निरीक्षक नीलम कुमारी तथा महिला सिपाही किरण कुमारी द्वारा अलग-अलग स्थानों पर महिलाओं एवं स्कूली छात्राओं को कानूनों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया। महिला उप निरीक्षक नीलम कुमारी ने हिसार के हॉटस्पॉट क्षेत्र जीन्दल चौक एवं पुष्पा कॉम्प्लेक्स में महिलाओं को महिला सुरक्षा, महिला विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव तथा आपातकालीन सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, पीछा करने, साइबर उत्पीड़न अथवा अन्य अपराध की स्थिति में बिना किसी भय के तुरंत पुलिस से संपर्क करें। वहीं महिला सिपाही किरण कुमारी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मॉडल टाउन, हिसार में छात्राओं को पोक्सो अधिनियम, गुड टच एवं बैड टच, बाल अधिकार, आत्मरक्षा तथा सुरक्षित व्यवहार के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। छात्राओं को समझाया गया कि यदि कोई व्यक्ति अनुचित व्यवहार करता है या असहज महसूस कराता है तो इसकी जानकारी तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस को दें और किसी भी स्थिति में ऐसी घटनाओं को छिपाएं नहीं। पुलिस टीम ने उपस्थित महिलाओं एवं छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति अथवा अपराध की सूचना मिलने पर तुरंत डायल-112 पर कॉल करें, ताकि पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध करा सके। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हिसार पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जागरूक नागरिक ही अपराधों की रोकथाम में सबसे बड़ी भूमिका निभाते हैं। हिसार पुलिस भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी ताकि महिलाएं एवं बेटियां अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और निर्भय होकर समाज में आगे बढ़ सकें।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button