Haryana
Trending

एनकॉर्ड समीक्षा बैठक में नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश, नशा मुक्त हिसार अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर : एसपी सिद्धान्त जैन।।

एनकॉर्ड समीक्षा बैठक में नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश, नशा मुक्त हिसार अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर : एसपी सिद्धान्त जैन।।

हिसार-(अमित कुमार ):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आज अपने कार्यालय में एनकॉर्ड (NCORD) एवं “नशा मुक्त हिसार” अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित कर जिले में नशा तस्करी के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई तथा नशा मुक्ति अभियान की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया। बैठक में डीएसपी मुख्यालय एवं क्राइम, नशा मुक्ति टीम, खेल एवं युवा गतिविधियों से जुड़े प्रतिनिधि, नशा मुक्ति केंद्रों के केयरटेकर, ओएएसआई, रीडर, पुलिस प्रवक्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले में दर्ज एनडीपीएस मामलों, नशा तस्करों के विरुद्ध की गई कार्रवाई, नशा पीड़ितों की पहचान, उपचार, काउंसलिंग तथा पुनर्वास संबंधी गतिविधियों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रखते हुए उनकी आर्थिक गतिविधियों एवं नेटवर्क पर भी कड़ी निगरानी रखी जाए। साथ ही, नशा तस्करों के विरुद्ध प्राप्त प्रत्येक सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसपी ने नशा मुक्ति टीम को निर्देश दिए कि गांवों, शहरों, शैक्षणिक संस्थानों तथा सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। नशे के आदी व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें सरकारी नशा मुक्ति केंद्रों में उपचार, काउंसलिंग एवं पुनर्वास से जोड़ने के प्रयास और तेज किए जाएं, ताकि वे स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन की मुख्यधारा में लौट सकें। बैठक में खेल एवं युवा गतिविधियों से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ युवाओं को खेल, सांस्कृतिक एवं सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त नशा मुक्ति केंद्रों के केयरटेकरों से उपचाराधीन व्यक्तियों की स्थिति, सुविधाओं एवं पुनर्वास संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी भी ली गई। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक जागरूकता, जनसहयोग और पुनर्वास का भी अभियान है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों, सामाजिक संस्थाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी नशा बेचने, नशीले पदार्थों की तस्करी अथवा अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। हिसार पुलिस नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता, संवेदनशीलता एवं दृढ़ता के साथ कार्य करती रहेगी।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button