Haryana
Trending

नशा मुक्ति अभियान को मिला जनसहयोग, जिला कैमिस्ट एसोसिएशन ने हजारों रुपये की आयुर्वेदिक दवाइयां की भेंट : एसपी सिद्धान्त जैन।।

नशा मुक्ति अभियान को मिला जनसहयोग, जिला कैमिस्ट एसोसिएशन ने हजारों रुपये की आयुर्वेदिक दवाइयां की भेंट : एसपी सिद्धान्त जैन।।

हिसार- (अमित कुमार ):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के नेतृत्व में चलाए जा रहे “नशा मुक्त हिसार” अभियान को समाज के विभिन्न वर्गों का लगातार सहयोग मिल रहा है। इसी कड़ी में आज जिला कैमिस्ट एसोसिएशन, हिसार ने नशा मुक्ति पुलिस टीम को नशा पीड़ितों के उपचार हेतु हजारों रुपये मूल्य की आयुर्वेदिक दवाइयां भेंट कर सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। यह दवाइयां विशेष रूप से उन नशा पीड़ितों के उपचार के लिए उपलब्ध कराई गई हैं, जो आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण नियमित दवाइयां लेने में सक्षम नहीं हैं। दान की गई दवाइयों में लीवर संबंधी उपचार, मानसिक तनाव, दर्द निवारण, शरीर की ताकत बढ़ाने, भूख बढ़ाने तथा ब्रेन टॉनिक जैसी उपयोगी आयुर्वेदिक औषधियां शामिल हैं। इन दवाइयों का उपयोग नशा मुक्ति पुलिस टीम द्वारा जरूरतमंद नशा पीड़ितों के उपचार एवं पुनर्वास में किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने जिला कैमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान श्री सतीश आहूजा, महासचिव श्री दीपक कालड़ा, उपप्रधान श्री दीपक मिढ़ा, श्री रमेश कालड़ा, श्री संजीव राखा, श्री राजेश कुमार, श्री अभिषेक गोस्वामी तथा श्री संजय सुहाग सहित एसोसिएशन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही नशे के खिलाफ लड़ाई को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। एसपी श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। ऐसे में जरूरतमंद नशा पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आना एक अत्यंत सराहनीय एवं मानवीय कार्य है। उन्होंने जिले की अन्य सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों, उद्योगपतियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं समाजसेवियों से भी अपील की कि वे नशा मुक्ति अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। दवाइयों, उपचार सामग्री, पौष्टिक आहार अथवा अन्य आवश्यक संसाधनों के माध्यम से किया गया सहयोग अनेक युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालकर उन्हें नया जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। पुलिस अधीक्षक ने विश्वास व्यक्त किया कि जिला कैमिस्ट एसोसिएशन की यह प्रेरणादायक पहल अन्य सामाजिक संगठनों के लिए भी एक उदाहरण बनेगी और अधिक से अधिक लोग “नशा मुक्त हिसार” अभियान से जुड़कर समाज हित में अपना योगदान देंगे।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button