14 लाख की साइबर ठगी में एक और आरोपी गिरफ्तार, 15 हजार बरामद ll
14 लाख की साइबर ठगी में एक और आरोपी गिरफ्तार, 15 हजार बरामद ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम हिसार पुलिस ने करीब 14 लाख रुपये की ऑनलाइन निवेश ठगी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15,000 रुपये बरामद किए हैं।
प्रबन्धक अफसर साईबर थाना हिसार ने बताया कि शिकायतकर्ता तरुण सिंगला निवासी बरवाला ने एनसीसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई थी कि इंस्टाग्राम पर फर्जी निवेश विज्ञापन के माध्यम से उसे व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर अधिक मुनाफे का लालच दिया गया। आरोपियों ने स्वयं को प्रतिष्ठित निवेश कंपनी का प्रतिनिधि बताकर विभिन्न बैंक खातों में किस्तों के माध्यम से करीब 14 लाख रुपये जमा करवा लिए। बाद में निवेश की गई राशि निकालने के नाम पर भारी शुल्क की मांग की गई। कंपनी से सत्यापन करवाने पर शिकायतकर्ता को अपने साथ साइबर धोखाधड़ी होने का पता चला।इस संबंध में थाना साइबर क्राइम हिसार में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 61 के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई। साइबर पुलिस द्वारा बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल साक्ष्यों एवं लेन-देन का तकनीकी विश्लेषण करते हुए मामले में पहले भी आरोपी अंकित गुप्ता पुत्र जवाहिर लाल निवासी अमोढ़ा खास, जिला बस्ती (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया जा चुका है।
मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए सहायक उप निरीक्षक अनिल की पुलिस टीम ने आरोपी बलराज सिंह पुत्र हरविन्द्र सिंह निवासी मकान नंबर 602/45, वार्ड नंबर 29, गरछा कॉलोनी, लुधियाना को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से 15,000 रुपये बरामद किए हैं। आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी की वारदात में उसकी भूमिका तथा उसके साथ जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने कहा कि साइबर ठग सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप तथा फर्जी ट्रेडिंग एवं निवेश प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन निवेश न करें तथा निवेश करने से पहले संबंधित कंपनी और प्लेटफॉर्म की प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें।
उन्होंने कहा कि अधिक मुनाफे का लालच साइबर ठगी का प्रमुख माध्यम है। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो वह तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि ठगी की रकम को समय रहते फ्रीज करवाने तथा आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने में मदद मिल सके। @newstodayhry #newstodayhry




