
सिरसा -(अक्षित कम्बोज ) राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की NSS इकाई द्वारा स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गांव में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। NSS स्वयंसेवकों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह एवं देशभक्ति के साथ यात्रा निकाली और ग्रामीणों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए जागरूक किया। तिरंगा यात्रा के दौरान NSS स्वयंसेवकों ने लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया तथा युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व में सक्रिय भागीदारी करें और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत अपने घरों की छत पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर अथवा लगाकर राष्ट्र के प्रति अपनी भावनात्मक एकजुटता प्रदर्शित करें। इस अवसर पर विद्यालय के अंग्रेजी प्रवक्ता एवं NSS कार्यक्रम अधिकारी तथा जिला NSS समन्वयक नरेश कुमार ग्रोवर ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि युवाओं में देशभक्ति की भावना के साथ-साथ सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूकता पैदा करना NSS का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे समाज को नशामुक्त, स्वच्छ, जागरूक एवं जिम्मेदार बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में गांव की सरपंच श्रीमती ममता रानी एवं उनके प्रतिनिधि श्री बंसीलाल ने भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल NSS स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और युवाओं से राष्ट्रहित में आगे बढ़कर कार्य करने का आह्वान किया। तिरंगा यात्रा में NSS के स्वयंसेवकों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ भाग लिया। यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों को देशभक्ति, नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता और ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश दिया गया। @newstodayhry #newstodayhry




