सड़क सुरक्षा का संकल्प, नियम तोड़ने वालों पर डबवाली पुलिस का शिकंजा।।
सड़क सुरक्षा का संकल्प, नियम तोड़ने वालों पर डबवाली पुलिस का शिकंजा।।

डबवाली-(पंकज गुदारा ):- सड़क सुरक्षा को लेकर डबवाली पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया है । पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के निर्देशन में ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगातार विशेष चेकिंग एवं कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क पर अनुशासन कायम करना, दुर्घटनाओं की रोकथाम करना और आमजन की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है।
एक सप्ताह में सैकड़ों वाहन चालकों पर कार्रवाई
पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनन्द कुमार ने बताया कि यातायात प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस द्वारा बीते सप्ताह शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के 38, बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट के 375, ओवरस्पीड के 140, नशे में वाहन चलाने वाले 11, लेन चेंज के 26, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 08 तथा ट्रिपल राइडिंग के 42 चालान किए गए।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर गलत तरीके से वाहन खड़े कर यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले 75 भारी वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
बुलेट पटाखा और प्रेशर हॉर्न पर भी सख्ती
ट्रैफिक पुलिस ने सड़क पर तेज आवाज और हुड़दंग पैदा करने वाले वाहनों के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया। बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले 02 वाहन चालकों तथा प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले 06 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर स्टंट, तेज आवाज, खतरनाक ड्राइविंग, रॉन्ग साइड वाहन चलाना अथवा यातायात नियमों की किसी भी प्रकार की मनमानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, शराब अथवा किसी नशे की हालत में वाहन न चलाने, नाबालिगों को वाहन न सौंपने तथा रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचने की अपील की गई। पुलिस टीमों ने वाहन चालकों को समझाया कि सड़क पर कुछ मिनट बचाने की जल्दबाजी कभी-कभी जिंदगी को खतरे में डाल सकती है। सुरक्षित यात्रा का सबसे आसान रास्ता यातायात नियमों का पालन करना है। इस दौरान आम नागरिकों को अपने वाहनों पर एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाने के संबंध में जागरूक किया गया । आम नागरिकों को बताया गया कि कैसे आपके द्वारा लिया गया जिम्मेदारी पूर्ण कदम आपके वाहन को सुरक्षा प्रदान कर सकता है । एचएसआरपी नंबर प्लेट के उपयोग से पुलिस को चोरी हुए वाहन का पता लगाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है व अन्य वारदातों में अपराधियों के वाहनों पर लगी नंबर प्लेट से उनके संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जाती है।डबवाली पुलिस ने आमजन से अपील की कि यातायात नियमों को पुलिस कार्रवाई के डर से नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी की सुरक्षा के लिए अपनाएं। वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और सड़क पर पैदल यात्रियों सहित अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के निर्देशन में सड़क सुरक्षा को लेकर चेकिंग एवं जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।सड़क पर रफ्तार नहीं, जिम्मेदारी दिखाएं। यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंचें।। #Newstodayhry @Newstodayhry




