नशे से दूरी, खेलों से नाता—गांव गंगा में डबवाली पुलिस की विशेष पहल ll
नशे से दूरी, खेलों से नाता—गांव गंगा में डबवाली पुलिस की विशेष पहल ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में डबवाली पुलिस द्वारा युवाओं को नशे से दूर रखने तथा उन्हें खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से गांव गंगा में नशा मुक्ति अभियान के तहत खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डबवाली पुलिस, गांव गंगा की नशा मुक्ति कमेटी, ग्राम पंचायत एवं स्कूल स्टाफ के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में राजकीय स्कूल तथा गुरु नानक प्राइवेट स्कूल के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।इस दौरान विद्यार्थियों की 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ करवाई गई। प्रतियोगिता में विजेता रहने वाले बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया। बच्चों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनन्द कुमार ने बताया कि डबवाली पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं को जागरूक करने और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गांव गंगा की नशा मुक्ति कमेटी, ग्राम पंचायत एवं शिक्षण संस्थानों के सहयोग से आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। डबवाली पुलिस का प्रयास है कि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाएं।नशामुक्त डबवाली केवल पुलिस कार्रवाई से नहीं, बल्कि परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों, युवाओं और पूरे समाज की सामूहिक भागीदारी से ही बनाया जा सकता है। युवाओं को सकारात्मक दिशा देना और उन्हें खेल एवं शिक्षा से जोड़ना इस अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है।
डबवाली पुलिस का संदेश—“नशे को ना, खेलों को हां—युवा शक्ति बनेगी नशामुक्त समाज की पहचान।”
डबवाली पुलिस ने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने साथियों को भी जागरूक करें और नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
नशे के सेवन, तस्करी व नशे से जुड़ी अवैध गतिविधियों की जानकारी बेझिझक तुरंत मानस पोर्टल हेल्पलाइन 1933 या डबवाली पुलिस के मो. न. 9138999748 अथवा अपने नजदीकी थाना/चौकी में सूचित करें । सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी ।@newstodayhry #newstodayhry




