श्री कृष्ण की भक्ति, प्रेम और ज्ञान से जीवन में आएगी सुख-शांति :- स्वामी रमेश साहुवाला ll
श्री कृष्ण की भक्ति, प्रेम और ज्ञान से जीवन में आएगी सुख-शांति :- स्वामी रमेश साहुवाला ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-भगवान श्री कृष्ण की भक्ति, प्रेम और ज्ञान की शक्ति हमारे जीवन में रोशनी कर सकती है तथा हमें उनके जीवन और शिक्षाओं से प्रेरणा लेनी चाहिए तभी हमें सुख, समृद्धि, सम्पदा एवं शांति प्राप्त होगी और हमारा जीवन तनाव मुक्त रहेगा। ये शब्द लायन्स क्लब सिरसा अमर के संस्थापक अध्यक्ष स्वामी रमेश साहुवाला ने स्थानीय दिल्ली प्ले स्कूल जीनीयस सिरसा में जन्माष्टमी उत्सव पर बच्चों को सम्बोधित करते हुए बतौर मुख्यातिथि व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इस उत्सव पर आप पर प्रेम, शांति और समृद्धि की वर्षा हो तथा भगवान श्री कृष्ण के आशीर्वाद से आपके जीवन में प्यार और खुशियां आएं तथा आप सभी चिंताओं से दूर हो।
श्री साहुवाला ने कहा कि इस अवसर पर भगवान श्री कृष्ण से प्रार्थना की कि वे समस्त सनातन परिवार को संगठित होने की प्रेरणा दे और उनमें अपनी महानतम संस्कृति एवं राष्ट्र के प्रति सर्वस्व समर्पण के भाव भर दे। उन्होंने कहा कि जब-जब धर्म की हानि और अधर्म की वृद्धि होती है तब-तब भगवान श्री कृष्ण साकार रूप में लोगों के सम्मुख प्रकट होते है और पाप कर्म करने वालों का विनाश करके हर युग में धर्म की स्थापना करते है। श्री साहुवाला ने कहा कि इस दुनिया में सब कुछ मोह-माया हो सकती है परन्तु श्री कृष्ण का आपके लिए प्यार और आंखों में आंसू सदैव सच्चे होते है। उन्होंने कहा कि जब आपका मन थक जाए तो श्री कृष्ण के चरणों में विश्राम कर लो, तब आपको भीतर की शांति का अनुभव होगा और जो भीतर सच्चा हैं वहीं बाहर उज्जवल होगा।
इस अवसर पर वेद गोयल ने कहा कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी केवल एक धार्मिक त्यौहार नहीं है बल्कि प्रेम, धर्म और सत्य की विजय का प्रतीक है तथा यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव है। इस अवसर पर पार्थ गोयल ने कहा कि आज की भागदौड़ एवं तनाव भरी जिंदगी में जन्माष्टमी में रूक कर प्रेम, मित्रता और मानवता के महत्त्व को याद दिलाती है। उन्होंने कहा कि जीवन में कितनी भी कठिनाईया क्यों न हो, हमें मुस्कुराते हुए उनका सामना करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब-जब अन्याय बढ़ेगा, तब अच्छाई की जीत करवाने के लिए कोई-न-कोई कृष्ण जरूर आएगा और हमें अपने अन्दर के कृष्ण को भी जरूर जगाना है।
इस अवसर पर बेटियों एवं महिलाओं ने भगवान श्री कृष्ण, राधा एवं सखियां बनकर भगवान के भजन पर खूब नृत्य किया तथा रास-लीला की और सभी ने इस उत्सव का खूब आनन्द लिया। इसके बाद भगवान श्री कृष्ण ने हांडी तोड़ी जिसमें माखन, टोफियां निकली जिसे भक्तों में बांट दिया गया। इस अवसर पर पार्थ गोयल, सुमन भल्ला, पारूल सरदाना, प्रिया शर्मा, शीनू, राखी मित्तल, नीलम मदान, नव्या गुप्ता और बच्चे उपस्थित थे।@newstodayhry #newstodayhry




