जागरूक युवा ही नशा मुक्त व अपराध मुक्त डबवाली की मजबूत नींव ll
जागरूक युवा ही नशा मुक्त व अपराध मुक्त डबवाली की मजबूत नींव ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर IPS के नेतृत्व में डबवाली पुलिस द्वारा युवाओं को नशे एवं अपराध से दूर रखने और सुरक्षित समाज के निर्माण के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुशीला देवी ने राजकीय उच्च विद्यालय, गांव बनवाला में विद्यार्थियों के साथ जागरूकता संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों, साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा शिक्षा एवं खेलों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। महिला थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, गलत संगति से बचने तथा शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग जागरूक होकर न केवल स्वयं को नशे एवं अपराध से बचा सकता है, बल्कि अपने आसपास के अन्य युवाओं को भी सही दिशा दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस दौरान विद्यार्थियों व मौजूद स्कूल स्टाफ से अपील की गई कि अगर उनके आस पास नशे के सेवन या नशे की खरीद फरोख्त संबंधी कोई जानकारी हो तो इसकी सूचना तुरंत मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मो.न . 9138999748 या अपने नजदीकी थाना अथवा चौकी में दें । सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी ।
पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों को साइबर ठगी के नए तरीकों के प्रति सतर्क करते हुए समझाया गया कि अनजान लिंक, फर्जी कॉल, संदिग्ध ऐप, सोशल मीडिया प्रोफाइल और लुभावने ऑनलाइन ऑफर के जरिए साइबर अपराधी लोगों को निशाना बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि OTP, पासवर्ड, ATM PIN, UPI PIN या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें और साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 पर सूचित करें व राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in/ पर शिकायत दर्ज करवाएं ।
उन्होंने बताया कि छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया। किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या असुरक्षित स्थिति में चुप न रहने तथा परिजनों, शिक्षकों या पुलिस को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को आपात स्थिति में डायल 112 सहित महिला हेल्पलाइन 1091,181 एवं बाल सुरक्षा हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी दी गई । उन्होंने छात्राओं को पुलिस की डायल 112 के तहत मिलने वाली ट्रिप मॉनिटरिंग सुविधा के बारे में भी अवगत करवाया । साथ ही बच्चों को गुड टच व बेड टच के प्रति जागरूक किया गया । उन्होंने स्कूल स्टाफ व अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि अपने बच्चों से नियमित संवाद बनाए रखें ताकि किसी भी आपात स्थित में वे बेझिझक अपनी बात कह सकें ।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सड़क सुरक्षा के तहत विद्यार्थियों को हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने की अपील की गई।
उन्होंने कहा कि जागरूकता, सही संगति और सकारात्मक सोच युवाओं को नशे व अपराध से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। डबवाली पुलिस का प्रयास है कि विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में ऐसे संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जाए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने नशे से दूर रहने, दूसरों को जागरूक करने तथा सुरक्षित एवं अपराध मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया।@newstodayhry #newstodayhry




