भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में संगठन को मजबूत करने पर मंथन ll
भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में संगठन को मजबूत करने पर मंथन ll

सिरसा – (अक्षित कम्बोज ) भारतीय जनता पार्टी जिला सिरसा के कोर ग्रुप की विशेष बैठक वीरवार सायं आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की कार्यप्रणाली को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में भाजपा जिला प्रभारी एवं हरको बैंक के चेयरमैन भारत भूषण जुयाल विशेष रूप से उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष यतींद्र सिंह ने की। बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों से विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर रणनीति तैयार की गई। पार्टी नेतृत्व ने अभियान के दौरान अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सेवा गतिविधियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश चोपड़ा, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, नगर परिषद के चेयरमैन शांतिस्वरूप, गुरदेव सिंह राही, महासचिव अंबर मेहता, हनुमान कुंडू, श्याम बजाज, मनीष सिंगला, अमन चोपड़ा, डॉ. गंगा सागर केहरवाला, रतन लाल बामनियां सहित अनेक पार्टी नेता मौजूद रहे। इस दौरान प्रभारी भारत भूषण जुयाल ने कहा कि भाजपा का संगठन केवल चुनाव तक सीमित रहने वाला संगठन नहीं है, बल्कि सेवा और जनसरोकार उसकी कार्यशैली का मूल आधार हैं। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों तक पहुंच बनाकर सेवा कार्यों को गति देना है। प्रत्येक कार्यकर्ता को इस अभियान को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय से होती है। इसलिए मंडल से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे पार्टी के कार्यक्रमों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें जनभागीदारी से जोड़कर प्रभावी बनाएं। जुयाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सहयोगी बने। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से ही संगठन और समाज के बीच विश्वास का रिश्ता और मजबूत किया जा सकता है। जिलाध्यक्ष यतींद्र सिंह ने बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों और सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यकर्ताओं को अभियान की जिम्मेदारियां सौंपकर उन्हें प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बैठक में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा के दौरान आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की भागीदारी तथा विभिन्न स्तरों पर समन्वय को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। @newstodayhry #newstodayhry



