बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि, स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों की पालना में डबवाली पुलिस सख्त।।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि, स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों की पालना में डबवाली पुलिस सख्त।।

डबवाली-(पंकज गुदारा ):- बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, IPS के दिशा-निर्देशन में डबवाली पुलिस द्वारा स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों की पालना को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में चौकी चौटाला प्रभारी पीएसआई सतपाल सिंह ने बीते दिवस क्षेत्र के स्कूल बस चालकों, सहायकों तथा स्कूल प्रबंधकों के साथ बैठक कर बच्चों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान पीएसआई सतपाल सिंह ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने स्कूल प्रबंधकों से अपील की कि प्रत्येक स्कूल बस में अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट एड किट सही स्थिति में उपलब्ध रखें तथा समय-समय पर इनकी जांच की जाए। इसके साथ ही बस के सभी आवश्यक दस्तावेज, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र तथा चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस आदि पूरे और वैध होने चाहिए।
उन्होंने बस चालकों को निर्देशित किया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और निर्धारित गति सीमा सहित सभी यातायात नियमों की पालना करें। तेज गति, लापरवाही से ओवरटेक करने, अचानक ब्रेक लगाने तथा वाहन चलाते समय ध्यान भटकाने वाली गतिविधियों से पूरी तरह बचें। बस की नियमित तकनीकी जांच करवाते हुए दरवाजों, खिड़कियों, आपातकालीन निकास और अन्य सुरक्षा उपकरणों को भी दुरुस्त रखा जाए। उन्होंने स्कूल प्रबंधकों से यह भी अपील की कि बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया जाए । बस में बच्चों के बैठने की सुरक्षित व्यवस्था हो तथा चालक और सहायक को आपात स्थिति में आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी हो। साथ ही सुरक्षित पिक-अप एवं ड्रॉप प्वाइंट निर्धारित किए जाएं, ताकि बच्चों को बस से उतरते या चढ़ते समय किसी प्रकार का जोखिम न रहे।
सुरक्षा नियमों की पालना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी
पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा डबवाली पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। स्कूल बसों की सुरक्षित व्यवस्था केवल स्कूल प्रबंधन या चालक की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें बस सहायक, अभिभावक और संबंधित सभी लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को बस में सुरक्षित बैठने, चालक का ध्यान न भटकाने तथा बस से उतरते समय सड़क पर विशेष सावधानी बरतने के लिए जागरूक करें। पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, IPS के दिशा-निर्देशन में डबवाली पुलिस द्वारा जागरूकता के माध्यम से स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन, चालक, सहायक और अभिभावकों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है, ताकि सावधानी और जिम्मेदारी के साथ बच्चों की सुरक्षित स्कूल यात्रा सुनिश्चित की जा सके।। #Newstodyhry @Newstodayhry




