कर्तव्यनिष्ठ एवं समर्पित सेवाओं के लिए सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित।।
कर्तव्यनिष्ठ एवं समर्पित सेवाओं के लिए सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित।।

हिसार-(अमित कुमार ):- पुलिस विभाग में लंबे समय तक पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपनी सेवाएं देने के उपरांत NSP महेन्द्र सिंह, SI जोगिन्दर सिंह, SI मोहन लाल, SI सुरेश कुमार तथा SI रामफल सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर हिसार पुलिस की ओर से आयोजित विदाई समारोह में डीएसपी किशोरी लाल ने सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने सेवानिवृत्त होने वाले सभी पुलिसकर्मियों के सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में दी गई उनकी वर्षों की सेवाएं कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण का उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में रहते हुए इन अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया। एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि सेवानिवृत्ति सरकारी सेवा का समापन है, लेकिन पुलिस परिवार से जुड़ाव का नहीं। वर्षों तक विभाग की सेवा करने वाले पुलिसकर्मी हमेशा हिसार पुलिस परिवार का हिस्सा रहेंगे। उनका अनुभव और सेवाकाल के दौरान अर्जित ज्ञान विभाग के लिए सदैव महत्वपूर्ण रहेगा। इस अवसर पर डीएसपी किशोरी लाल ने सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों को स्मृति चिह्न एवं सम्मान प्रदान कर उनके द्वारा दी गई सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में लंबे समय तक सेवा करना अपने आप में गौरव की बात है और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की सेवाओं को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा। एसपी सिद्धान्त जैन ने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों को स्वस्थ, सुखद, शांतिपूर्ण एवं खुशहाल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद का समय परिवार के साथ सुखद जीवन बिताने और अपने अनुभवों को अगली पीढ़ी के साथ साझा करने का अवसर है। इस अवसर पर सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए तथा हिसार पुलिस द्वारा दिए गए सम्मान एवं स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।
हिसार पुलिस परिवार की ओर से सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखद भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।। #Newstodayhry @Newstodayhry



