Haryana
Trending

‘उजास’ उत्सव में विद्यार्थियों ने दिखाई नवाचार और उद्यमिता की झलक ll

'उजास' उत्सव में विद्यार्थियों ने दिखाई नवाचार और उद्यमिता की झलक ll

सिरसा – ( अक्षित कम्बोज ) जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, सिरसा में ‘उजास कौशल, नवाचार और उत्कृष्टता का उत्सव’ बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ अध्यक्ष मुरीरालाल बंसल, उपाध्यक्ष अजय शर्मा, सचिव कमल बंसल, निदेशक सुरेंद्र वर्मा और प्रधानाचार्या डॉ. राखी पुरी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस आयोजन में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, उद्यमिता कौशल, तकनीकी नवाचार और शैक्षणिक उपलब्धियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक जीवन के जरूरी कौशलों से जोड़ना और उनकी छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला तथा खंड शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार ने शिरकत की। विद्यालय परिसर में पहुंचने पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से उनका बुक्के भेंट कर स्वागत किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न स्टॉल, प्रोजेक्ट और रचनात्मक गतिविधियों का अवलोकन किया तथा बच्चों के प्रयासों की सराहना की। दीपावली के उल्लास को केंद्र में रखते हुए विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार किए गए आकर्षक दीये, मोमबत्तियां, रंग-बिरंगे तोरण और सजावटी लालटेन प्रदर्शित कीं। इन कलात्मक वस्तुओं में बच्चों की कल्पनाशीलता और हस्तकला का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। इसके साथ ही परिसर में नवाचारी खेलों के स्टॉल, स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थों के काउंटर और मनोरंजक राइड्स ने मेले को आकर्षण का केंद्र बना दिया। उत्सव का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित उद्यमिता कौशल रहा। युवा विद्यार्थियों ने स्वयं स्टॉल की योजना तैयार करने से लेकर उनके संचालन तक की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान उन्होंने बजट निर्धारण, वस्तुओं का मूल्य तय करने, मार्केटिंग, टीमवर्क और ग्राहकों से संवाद करने जैसे महत्वपूर्ण व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किए। इस पहल के माध्यम से विद्यालय ने ‘करके सीखने’ की अवधारणा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कौशल बोध एवं कौशल विकास गतिविधियों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने अपनी समस्या समाधान क्षमता, रचनात्मक सोच और व्यावहारिक दक्षता का परिचय दिया। विकास कौशल कुंज-रोबोटिक्स सेक्शन में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए तकनीकी एवं नवाचारी प्रोजेक्ट विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं स्किल एक्सपो के माध्यम से कौशल आधारित शिक्षा और अनुभवात्मक शिक्षण की उपयोगिता को दशार्या गया। कार्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के स्कॉलर अवार्ड समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और कलात्मक अभिव्यक्ति की शानदार झलक देखने को मिली। मुख्य अतिथियों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, नवाचार, उद्यमिता और सहयोग की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button